सीरीज से पहले ही लिया जा चुका था संजू को ईशान से ‘रिप्लेस’ करने का फैसला

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में दमदार वापसी की है। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के आखिरी टी20 मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया है। ईशान के इस प्रदर्शन ने संजू सैमसन की जगह पर खतरा पैदा कर दिया है और आखिरी मैच में जो हुआ उसने तो संजू की जगह पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ईशान ने इस मैच में 43 गेंदों पर चार चौके और छह छक्कों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। भारत ने उनकी पारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 271 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद दूसरी पारी में जो हुआ उससे ये कयास लगाए जाने लगे हैं कि संजू की जगह खतरे में हैं।
ईशान और संजू का बदला रोल
टीम इंडिया जब डिफेंस करने आई तो संजू सैमसन के हाथों में विकेटीपिंग दस्ताने होने के बजाए ईशान के हाथों में थे और इसी बात ने शक को गहरा कर दिया कि संजू सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप-2026 में अपनी जगह खो सकते हैं और ईशान उनकी जगह ले सकते हैं।
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने संजू की जगह ईशान के विकेटकीपिंग करने की बात पर स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा है कि इस बात का फैसला सीरीज की शुरुआत से पहले ही लिया जा चुका था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, ” चूंकि तिलक वर्मा नहीं हैं दोनों विकेटकीपर पहले ही मैच से प्लेइंग-11 का हिस्सा हैं। सीरीज की शुरुआत से पहले ही हमने ये तय कर लिया था कि संजू शुरुआती तीन मैचों में विकेटकीपिंग करेंगे और ईशान आखिरी दो मैचों में।”
ईशान निगल के कारण चौथा टी20 मैच नहीं खेले थे और इसलिए संजू ने ही विकेटकीपिंग की थी। पांचवें मैच में ईशान लौटे तो उन्होंने विकेटकीपिंग की।
ऐसा रहा मैच
भारत ने इस मैच में ईशान ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जमाया। टीम इंडिया ने मजबूत स्कोर खड़ा किया जो टी20 में उसका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। ईशान के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर चार चौके और छह छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने अंत में 17 गेंदों पर एक चौका और चार छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की टीम इस विशाल स्कोर के सामने दो गेंद पहले 225 रनों पर ढेर हो गई। उसके लिए फिन एलन ने 38 गेंदों पर आठ चौके और छह छक्कों की मदद से 80 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कोई और बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं जमा सका। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने पांच विकेट लिए। अक्षर पटेल ने तीन सफलताएं हासिल कीं। वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह ने एक-एक विकेट हासिल किया।





