विदेश जाने का है प्लान? भारतीय पासपोर्ट पर इन 55 देशों में मिलेगी बिना वीजा एंट्री

हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2026 (Henley Passport Index 2026) की ताजा रिपोर्ट जारी हुई है, और भारतीय यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इस साल ग्लोबल मोबिलिटी के मामले में भारतीय पासपोर्ट की ताकत में सुधार देखा गया है।

इस साल भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में 5 रैंकिंग का उछाल आया है। अब भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की सूची में 80वें स्थान आ गया है। इस रैंकिंग में सुधार का मतलब है कि भारतीय नागरिकों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा पहले की तुलना में थोड़ी आसान हुई है।

वर्तमान में, भारतीय पासपोर्ट धारक दुनिया के 55 देशों (Visa Free Countries for Indians) में बिना वीजा या ‘वीजा-ऑन-अराइवल’ की सुविधा के साथ यात्रा कर सकते हैं। आइए जानें किन देशों में भारतीय वीजा फ्री या ऑन-अराइवल-वीजा पर यात्रा कर सकते हैं और इस साल दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट कौन-से हैं।

दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट
2026 की सूची में एशियाई देशों का दबदबा बरकरार है। इंडेक्स के अनुसार, दुनिया के शीर्ष तीन पासपोर्ट एशिया से ही हैं-

पहला स्थान- सिंगापुर (192 देशों में वीजा-मुक्त पहुंच)
दूसरा स्थान- जापान और दक्षिण कोरिया (188 देशों में वीजा-मुक्त पहुंच)
तीसरा स्थान- डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, स्पेन और लक्जमबर्ग (186 गंतव्यों तक पहुंच)

भारतीयों कहां-कहां वीजा-फ्री ट्रैवल कर सकते हैं?
वीजा फ्री एंट्री की सुविधा

अंगोला, बारबाडोस, भूटान, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, कुक आइलैंड्स, डोमिनिका, फिजी, ग्रेनाडा, हैती, जमैका, कजाकिस्तान, किरिबाती, मकाऊ (एसएआर चीन), मलेशिया, मॉरीशस, माइक्रोनेशिया, मोंटसेराट, नेपाल, फिलीपींस, रवांडा, सेनेगल, सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, थाईलैंड, त्रिनिदाद और टोबैगो, और वानुअतु।

वीजा ऑन अराइवल और ETA की सुविधा
कुछ देशों में जाने करने के लिए आपको पहुंचते ही हवाई अड्डे पर वीजा मिल जाता है (Visa on Arrival) या फिर आपको यात्रा से पहले एक तत्काल ऑनलाइन यात्रा प्राधिकरण (ETA) लेना होता है।

इन देशों में शामिल हैं- बुरुंडी, कंबोडिया, केप वर्डे आइलैंड्स, कोमोरो आइलैंड्स, जिबूती, इथियोपिया, गिनी-बिसाऊ, इंडोनेशिया, जॉर्डन, केन्या (ETA), लाओस, मेडागास्कर, मालदीव, मार्शल आइलैंड्स, मंगोलिया, मोजाम्बिक, म्यांमार, नीयू, पलाऊ आइलैंड्स, कतर, समोआ, सेशेल्स (ETA), सिएरा लियोन, श्रीलंका, सेंट किट्स एंड नेविस (ETA), सेंट लूसिया, तंजानिया, तिमोर-लेस्ते, तुवालु और जिम्बाब्वे।

इस बात का रखें ध्यान
इन देशों की सूची हेनले पासपोर्ट इंडेक्स के आधार पर बनाई गई है, लेकिन किसी भी देश की यात्रा से पहले चेक कर लें कि वीजा फ्री या ऑन-अराइवल-वीजा उपलब्ध है या नहीं। इसके लिए आप संबंधित देश के दूतावास या आधिकारिक वेबसाइट पर नियमों की जांच कर सकते हैं, क्योंकि वीजा नीतियां समय-समय पर देश की कूटनीति के हिसाब से बदलती रहती है।

Back to top button