विवादों के बीच टाटा ट्रस्ट्स की अहम बैठक आज, कौन हैं मेहली मिस्त्री

टाटा ट्रस्ट्स की 28 अक्तूबर को होने वाली इस बैठक में ट्रस्टी मेहली मिस्त्री की सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट में पुनर्नियुक्ति को लेकर फैसला लिया जाएगा। एक तरफ नोएल टाटा, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह हैं, जो मिस्त्री की पुनर्नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं। दूसरी तरफ डेरियस खंबाटा, प्रमित झावेरी और जहांगीर एच.सी. जहांगीर हैं, जो उनका समर्थन कर रहे हैं।

टाटा समूह (Rift in Tata Group) में नियुक्तियों को लेकर उठे विवाद के समाधान की कोशिशें जारी हैं। इस बीच आज, 28 अक्तूबर को सभी की नजरें टाटा ट्रस्ट्स (Tatat Trusts Meet) की होने बैठक पर है, जिसमें ट्रस्टी मेहली मिस्त्री की सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट में पुनर्नियुक्ति को लेकर फैसला लिया जाएगा। ये दोनों प्रमुख संस्थाएं टाटा संस में कुल मिलाकर 51% हिस्सेदारी रखती हैं। इस मतदान ने बोर्ड को दो खेमों में विभाजित कर दिया है।

एक तरफ नोएल टाटा, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह हैं, जो मिस्त्री की पुनर्नियुक्ति का विरोध कर रहे हैं। दूसरी तरफ डेरियस खंबाटा, प्रमित झावेरी और जहांगीर एच.सी. जहांगीर हैं, जो उनका समर्थन कर रहे हैं। मिस्त्री की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव टाटा ट्रस्ट्स के सीईओ सिद्धार्थ शर्मा ने पेश किया है। तनाव को और बढ़ाते हुए, रतन टाटा के लंबे समय से विश्वासपात्र रहे मिस्त्री ने कथित तौर पर श्रीनिवासन की पुनर्नियुक्ति के लिए सशर्त मंजूरी दे दी, जिससे ट्रस्टों के भीतर नई कानूनी बहस छिड़ गई है।

क्या कह रहे हैं सूत्र?

बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट में इस मामले में सूत्रों ने कहा कि मेहली मिस्त्री की पुनर्नियुक्ति पर आम सहमति का अभाव एक अभूतपूर्व घटनाक्रम हो सकता है, जिससे टाटा ट्रस्टों के भीतर मौजूदा मतभेद और गहरा सकते हैं। हालांकि, अब तक ट्रस्टियों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति परंपरागत रूप से सर्वसम्मति से तय किया जाता रहा है। सितंबर में यह परंपरा टूट गई, जब ट्रस्टों ने बहुमत से पूर्व रक्षा सचिव विजय सिंह को टाटा संस के बोर्ड में नामित निदेशक पद से हटाने के लिए मतदान किया। रतन टाटा के निधन के बाद पहली बार ऐसा हुआ।

बता दें कि मेहली मिस्त्री, 2022 से ट्रस्टी के रूप में काम कर रहे हैं और शापूरजी पलोनजी फैमिली के साथ लंबे समय से व्यावसायिक और व्यक्तिगत संबंध रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button