पासपोर्ट तैयार है, तो नो-टेंशन! इन 7 देशों के लिए भारतीयों को तुरंत मिल जाता है टूरिस्ट वीजा

विदेश घूमने का सपना अक्सर लंबे कागजी काम और वीजा की उलझनों में अटक जाता है लेकिन अच्छी खबर यह है कि कुछ देश भारतीय टूरिस्ट्स के लिए दरवाजे बेहद आसान शर्तों के साथ खोलते हैं। इनमें से कई देशों में न तो लंबा इंतजार करना पड़ता है और न ही ज्यादा पैसे खर्च करने होते हैं। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं ऐसे 7 देशों के बारे में।

पासपोर्ट बनवा लिया है, लेकिन विदेश घूमने की प्लानिंग में वीजा की टेंशन आ रही है? अगर हां, तो यह आर्टिकल खास आपके लिए ही है। दरअसल, दुनिया में कई ऐसे खूबसूरत देश हैं, जहां जाने के लिए भारतीयों को पहले से वीजा लेने की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ता। यहां हम आपको ऐसे ही 7 देशों के बारे में बता रहे हैं, जो या तो भारतीयों को वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा देते हैं या वीजा-फ्री एंट्री देते हैं।

मालदीव
नीले समंदर और खूबसूरत बीच का आनंद लेने के लिए मालदीव बढ़िया ऑप्शन है। इंडियन टूरिस्ट्स को यहां वीजा की कोई जटिल प्रक्रिया पूरी नहीं करनी पड़ती। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही फ्री-वीजा मिल जाता है। इस वजह से मालदीव भारतीय यात्रियों के लिए न सिर्फ किफायती बल्कि बेहद सुविधाजनक डेस्टिनेशन है।

मॉरिशस
अगर आप समुद्र किनारे लंबा समय बिताने का मन बना रहे हैं तो मॉरिशस सही जगह है। यहां भारतीय नागरिकों को साल में छह महीने तक रहने की अनुमति मिलती है और इसके लिए किसी तरह की प्री-अप्रूवल की जरूरत नहीं होती।

वियतनाम
भारत से वियतनाम जाने वाले टूरिस्ट्स के पास दो विकल्प हैं- एयरपोर्ट पर वीजा ऑन अराइवल या फिर पहले से ई-वीजा बनवाना। ज्यादातर लोग ऑनलाइन ई-वीजा लेना पसंद करते हैं क्योंकि यह प्रक्रिया सरल है और इसकी फीस भी सिर्फ 25 अमेरिकी डॉलर है।

सेशेल्स
हनीमून या परिवार संग छुट्टियां बिताने के लिए सेशेल्स बेहतरीन जगह है। भारतीय पर्यटकों को यहां भी किसी प्री-अप्रूवल वीजा की जरूरत नहीं होती। यहां पहुंचते ही तीन महीने तक के लिए फ्री वीजा मिल जाता है।

श्रीलंका
भारत के सबसे नजदीकी टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक है श्रीलंका। यहां जाने के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों को ETA (Electronic Travel Authorization) ऑनलाइन मिल जाता है। इसके बाद वे 30 दिन तक रुक सकते हैं और इसमें डबल एंट्री की सुविधा भी मिलती है।

इंडोनेशिया
इंडोनेशिया भी इंडियन टूरिस्ट्स के बीच बेहद पॉपुलर है। यहां वीजा ऑन अराइवल की सुविधा है जिसकी लागत 35 अमेरिकी डॉलर है और यह 30 दिन के लिए वैध होता है। चाहें तो आप पहले से ई-वीजा भी ले सकते हैं।

दुबई/यूएई
इंडियन टूरिस्ट्स के बीच यह भी सबसे पॉपुलर शॉर्ट-ट्रिप डेस्टिनेशन है। यहां ई-वीजा सुविधा से वीजा जल्दी मिल जाता है और शॉपिंग व लग्जरी हॉलिडे का मजा भी अलग होता है।

अगर आप विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन वीजा की लंबी प्रक्रिया आपको रोक रही है, तो ऊपर बताए गए देश आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं। ये न केवल किफायती हैं बल्कि भारतीयों का स्वागत खुले दिल से करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button