सेहत और स्वाद का लाजवाब कॉम्बो है शकरकंद टिक्की, गर्मियों में जरूर खाएं

गर्मियां शुरु हो चुकी हैं। इस माैसम में खानपान का विशेष रूप से ख्याल रखना होता है। इस मौसम में कई सारी स्वास्थ्य समस्याएं होना तो आम बात है। ऐसे में जिन लोगों को कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन होता है, वे इन दिनों नहीं खा पाते हैं। हालांकि कुछ ऐसी चीजें हैं जिसे आप डीप फ्राई भी कर लें तो भी ये आपको फायदे ही पहुंचाएंगी। बशर्ते, आप लिमिट में खा रहे हों।
जी हां, शकरकंद ही वो चीज है जो आपकी क्रेविंग को शांत कर सकती है। इसे हम अंग्रेजी में Sweet Potato भी कहते हैं। ये स्वाद में भले मीठा होता है लेकिन ये हमारे शरीर को जबरदस्त फायदे पहुंचाता है। ये बेहद पौष्टिक सब्जी है। इसमें विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसलिए इसे खाना आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। आज हम आपको शकरकंद की टिक्की बनाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं विस्तार से-
सामग्री
शकरकंद- 3 से 4 मध्यम आकार की (उबली हुई)
उबले आलू- 1 (इच्छानुसार)
हरी मिर्च- 1 से 2 बारीक कटी हुई
अदरक- 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ
धनिया पत्ती- बारीक कटी हुई
सेंधा नमक या सामान्य नमक- स्वाद अनुसार
नींबू का रस- 1 चम्मच
जीरा पाउडर- 1/2 चम्मच
काली मिर्च पाउडर- 1/4 चम्मच
चाट मसाला- 1/2 चम्मच (वैकल्पिक)
घी या तेल- टिक्की सेंकने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले उबली हुई शकरकंद को छीलकर अच्छे से मैश कर लें। आप चाहें तो इसमें उबला आलू भी मिला सकते हैं ताकि टिक्की में अच्छा बाइंडिंग हो।
अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ती, मसाले, नींबू का रस और नमक मिलाएं। टिक्की के आकार में तैयार करें।
इसके बाद एक नॉन-स्टिक तवे पर हल्का घी या तेल गर्म करें और टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें।
चाहें तो इन्हें दही, हरी चटनी या इमली की चटनी के साथ सर्व करें। ये हर तरह से खाने में फायदेमंद है।
गर्मी में शकरकंद खाने के फायदे
शकरकंद में मौजूद कार्बोहाइड्रेट गर्मियों में थकान और सुस्ती को दूर करते हैं।
इसे खाने से डाइजेशन बेहतर होता है। कब्ज जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है।
शकरकंद की तासीर ठंडी मानी जाती है। यह शरीर में ठंडक पहुंचाता है और लू से बचाने में मदद करता है।
इसमें मौजूद विटामिन A, C और E स्किन को हाइड्रेटेड और ग्लोइंग बनाए रखते हैं।