दुकानों में मिलने वाला पेपर बैग पहली बार किसने बनाया? मामूली सी दिखने वाली चीज

आज आप बड़े से बड़े सुपरमार्केट चले जाइए या छोटी से छोटी दुकान, आपको पेपर बैग जरूर मिल जाएंगे. कागज से बने ये बैग बेहद मामूली लगते हैं, आपको लग सकता है कि इन्हें बनाना कोई मुश्किल बात नहीं है, पर सच तो ये है कि ये आविष्कार इंसानियत के लिए वर्दान साबित हुआ है और इसको बनाने के दौरान बहुत बवाल भी मचा. पर उसको जानने से पहले, क्या आप ये बता सकते हैं कि पेपर बैग किसने बनाया? इस बारे में लोगों को कम ही जानकारी होगी. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि पेपर बैग का आविष्कार किसने किया और बनाने के दौरान इसने किस बवाल को खड़ा कर दिया था.

इंस्टाग्राम यूजर माइकल गर्डले अक्सर रोचक जानकारियों वाले वीडियोज पोस्ट करते हैं. हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि पेपर बैग का आविष्कार किसने किया. नेशनल इन्वेंटर हॉल ऑफ फेम की रिपोर्ट के अनुसार मार्गरेट नाइट की कागज के बैग की आविष्कारक हैं. वो अमेरिका के यॉर्क में 1838 में पैदा हुई थीं. पिता की मौत के बाद उनका परिवार न्यू हैमशायर शिफ्ट हो गया. वो एक मिल में काम करने लगीं, जहां पर मशीनों की खस्ता हालत की वजह से कई बार हादसे हो जाते थे. एक हादसा तो उन्होंने अपनी आंखों से देखा. उसे देखकर उन्हें एक शटल रिस्ट्रेंट सिस्टम बनाने का ध्यान आया, इससे मिलों की मशीनों को सुरक्षित रखा गया, पर तब वो कम उम्र की थीं, तो उन्हें पेटेंट लेना नहीं आता था.

इस महिला ने किया था पेपर बैग का आविष्कार
1867 में वो मैसाचूसेट्स की कोलंबिया पेपर बैग कंपनी में काम किया करती थीं. वहां भी उन्हें लगा कि प्रोसेस को सुधारा जा सकता है. वहां पर पेपर बैग बना करते थे, जिन्हें हाथ से फोल्ड करने की जरूरत थी. उन्होंने एक ऐसी मशीन बनाई जिसकी मदद से पेपर बैग के बॉटम, यानी निचला हिस्सा चौकोर बनने लगा, इसकी मदद से पेपर बैग को सीधा रखा जा सकता था. 1868 में मशीन ऑपरेशनल हो गई और उन्हें ख्याल आया कि वो मशीन का पेटेंट करवा लें, मगर वहां काम करने वाले एक शख्स, चार्ल्स एनन ने उनके डिजाइन को चुरा लिया. मामला कोर्ट में पहुंचा और वहां पर मार्गरेट ने दावा किया कि शख्स को मशीन के काम करने का तरीका ही नहीं पता. इसके साथ उन्होंने अपने डिजाइन का ब्लूप्रिंट प्रेजेंट किया, जिससे पता चला कि असल में वही आविष्कारक हैं. बाद में नाइट ने अपनी पेपर बैग कंपनी की शुरुआत की, जिसका नाम रखा ईस्टर्न पेपर बैग कंपनी.

Back to top button