अमृतसर: मंदिर पर ग्रेनेड हमले के आरोपी ने पुलिस को देखकर की थी फायरिंग

अमृतसर में शुक्रवार रात करीब एक बजे शेरशाह सूरी रोड पर स्थित सर्व धर्म प्रार्थना सभा ठाकुरद्वारा मंदिर के बाहर बम धमाका हुआ था। हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया था।

अमृतसर मंदिर पर ग्रेनेड हमले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। गुरुवार देर रात बाइक सवारों ने मंदिर के बाहर ग्रेनेड धमाका किया था। मृतक की पहचान गुरसिद्दक सिंह उर्फ सिद्दीकी के ताैर पर हुई है। वहीं आरोपी का एक अन्य साथी विशाल कुमार उर्फ चुई मौके से भाग निकला। इस मुठभेड़ में पुलिस कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह भी गोली लगने से जख्मी हो गया। कांस्टेबल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि ग्रेनेड हमला करने वाले दोनों आरोपी राजासांसी इलाके में घूम रहे हैं। इसी के तहत सीआईए स्टाफ और थाना पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन किया। आरोपी राजासांसी इलाके में बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

पुलिस के लगाए गए ट्रैप को देखकर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। इस दौरान गोली लगने से एक आरोपी जख्मी हो गया। वहीं आरोपियों की गोली लगने से कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह भी जख्मी हो गया। एक आरोपी विशाल मौके से भाग निकला। पुलिस ने तुरंत आरोपी और कांस्टेबल को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने आरोपी सिद्दीकी को मृत करार दे दिया।

Back to top button