सिंगापुर जा रहे लोगों का मजा दोगुना कर देगा विंग्स ऑफ टाइम शो

अगर आप सिंगापुर जा रहे हैं तो यहां का विंग्स ऑफ टाइम शो देखना न भूलें। सिंगापुर के सेंटोसा द्वीप में स्थित एक लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण विंग्स ऑफ टाइम है। यहां लेजर शो थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग के साथ आतिशबाजी का जबरदस्त प्रदर्शन होता है। अगर आप भी सिंगापुर जा रहे हैं तो इसे देखना न भूलें। आइए जानते हैं इसके लिए बारे में विस्तार से।

बीते दिनों जब भारत ने पाकिस्तान को क्रिकेट मैच में पटखनी दी तो सबसे ज्यादा जो शोर सुनाई दिया वो आतिशबाजी का था। दीपावली में अनिवार्य तौर पर चलने वाली आतिशबाजी क्रिकेट में जीत हो या जन्मदिन और विवाह का उत्सव, हर छोटी-बड़ी खुशी का उत्साह बढ़ाने में यह सबसे आगे आती है। यह सिर्फ हम भारतीयों को ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के लोगों का मनोरंजन करने का साझा साधन है।

इसी उत्साह को कई गुना स्तर पर पहुंचाता है सिंगापुर के सेंटोसा द्वीप में स्थित एक लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण विंग्स ऑफ टाइम। जहां लेजर शो, थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग के साथ आतिशबाजी का जबरदस्त प्रदर्शन होता है। माउंट फेबर लेजर ग्रुप की डिप्टी डायरेक्टर जेनिफर वौंग पूरे उत्साह से बताती हैं कि परिवार के हर सदस्य को लुभाने का दम रखने वाला यह विंग्स ऑफ टाइम शो सिंगापुर की यात्रा कर रहे पर्यटकों के लिए होता है पैसा वसूल।

अगला पड़ाव बनेगा भारत
पर्यटन के मामले में एक बड़ा हिस्सा भारतीयों का भी रहता है। जाहिर है, जब पर्यटक इतने हों तो भावी दर्शकों को आकर्षित करने के लिए विंग्स ऑफ टाइम शो भारत में प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है। माउंट फेबर लेजर ग्रुप की डिप्टी डायरेक्टर जेनिफर कहती हैं, ‘इसमें कोई दोराय नहीं कि भारत में पोंटशियल मार्केट है। यहां विविधता को ध्यान में रखते हुए हम तैयारी कर रहे हैं। यहां के मार्केट के बारे में समझने की कोशिश है। ताकि हम भारतीय मेहमानों को पूरी तरह संतुष्ट कर सकें।

इसके लिए हम भारतीय भोजन परंपराओं को भी समझ रहे हैं क्योंकि विंग्स आफ टाइम शो का एक बड़ा आकर्षण यहां मिलने वाला भोजन भी है। तो जब हम भारत में प्रवेश करेंगे तो हम चाहेंगे कि हम सर्वश्रेष्ठ भोजन परोसें। उन परंपराओं को समझने के लिए हम भारतीय शेफ या भारतीय पाक परंपरा में पारंगत शेफ को शामिल कर रहे हैं, ताकि आथेंटिसिटी बरकरार रहे।’

पूरे परिवार का हो मनोरंजन
सिंगापुर टूरिज्म का मुख्य आकर्षण केबल कार से पूरे शहर की हवाई सैर करना भी है। विंग्स आफ टाइम इस ओर भी जुड़ा हुआ है। अगर आप पहली बार सिंगापुर जाएं तो केबल कार की सैर करना आपकी सूची में होता है। ऐसे में शो शुरू होने से पहले ही प्री शो शुरू होता है केबल कार और स्काई वाक के जरिए। जेनिफर आगे बताती हैं, ‘परिवार से जुड़े भारतीयों को प्रसन्न करने के लिए हम हर आयु वर्ग के हिसाब से शो रखते हैं। जिसमें लेजर शो से लेकर केबल कार की सैर भी शामिल होती है।

लेजर शो में सुनाई गई कहानी दिल तो जीतती ही है साथ ही हम अपने दर्शकों के लिए बड़े स्पार्कलर लाते हैं। तो वहीं दीपावली जैसे त्योहारों से प्यार करने वाले भारतीयों के लिए यह लेजर शो का समापन होता है 200 शॉट्स वाली आतिशबाजी होती है। कुल मिलाकर हम परिवार के हर आयुवर्ग और व्यक्ति के लिए पूरी तैयारी हैं, ताकि वे दोबारा यहां आने का निर्णय लें।’

पर्यावरण का भी पूरा ख्याल
जेनिफर कहती हैं, ‘आज पर्यावरण एक बड़ी चिंता का विषय है। इसलिए हम नई तकनीक और नियमों को समझते हुए अपने काम को अपडेट करते रहते हैं। क्योंकि सिंगापुर का क्लाइमेट अलग है। विंग्स आफ टाइम के शोज में इस्तेमाल होने वाला पानी समुद्री खारा होने की वजह से हमारे उपकरण जल्दी खराब होते रहते हैं। ऐसे में हम तकनीक के बेहतर बदलाव के साथ अपने दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार रहते हैं कि हम किस तरह से और अच्छा प्रदर्शन कर सकें। दर्शकों की सुरक्षा से लेकर पर्यावरण को नजर में रखते हुए बनाए गए नियमों का पालन करते हुए हम आगे बढ़ रहे हैं।’

बॉक्स

ये हैं आकर्षण के केंद्र
एक आकर्षक साउंडट्रैक पर सेट इस शो को समकालीन तालों के साथ आर्केस्ट्रा की धुन पर सजाया जाता है, जो विजुअल के साथ पूरी तरह से सिंक्रनाइज होता है। साउंड, लाइट और इफेक्ट का संयोजन एक इमर्सिव और भावनात्मक अनुभव पैदा करता है जो आपको आश्चर्यचकित कर देगा। यहां दिखाए जाने वाले लेजर शो में शाहबाज नामक रहस्यमय पक्षी और उसके दोस्तों की कहानी बताई जाती है, जो काल्पनिक परिदृश्य और ऐतिहासिक क्षणों के बारे में बताते हैं। इस कहानी को जीवंत करने के लिए इन आश्चर्यजनक दृश्य प्रभावों को शामिल किया जाता है-

अत्याधुनिक लेजर शो
आकर्षक पानी के फव्वारे
3डी प्रोजेक्शन मैपिंग
जोरदार आतिशबाजी

Back to top button