दूल्हा बनने से पहले CIBIL Score ने खोली लड़के की पोल

 देश में अब शादी तय करने का तरीका बदलने लगा है। जीवनसाथी को चुनने से पहले शक्ल सूरत के अलावा कुंडली, गुण, पारिवारिक पृष्ठभूमि के अलावा वित्तीय स्थिति की भी जांच की जाती है। पुराने जमाने में किसी की वास्तविक हैसियत का पता लगाना थोड़ा मुश्किल था।

मगर अब यह काम सिबिल स्कोर के माध्यम से मिनटों में हो जाता है। लोग अब शादी तय करने से पहले सिबिल स्कोर की जांच करने लगे हैं। हाल ही में एक शादी को सिबिल स्कोर के आधार पर तोड़ दिया गया, क्योंकि होने वाले दूल्हे का क्रेडिट स्कोर ठीक नहीं था।

अंतिम दौर में थी शादी की बातचीत

महाराष्ट्र के अकोला में एक पारिवार ने खराब क्रेडिट स्कोर की वजह से शादी से इंकार कर दिया। यह मामला मुर्तिजापुर का है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक शादी की बातचीत आखिरी चरण में चल रही थी। दोनों पक्षों में शादी को लेकर सहमति भी बन चुकी थी। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू कर थी। हालांकि इस बीच लड़की के रिश्तेदारों ने लड़के के सिबिल स्कोर के बारे में जानकारी मांगी और बात यहीं से बिगड़ गई।

सिबिल स्कोर ने बिगाड़ा खेल

दरअसल, सिबिल स्कोर की जांच में सामने आया कि लड़के का क्रेडिट स्कोर खराब था। उसने कई बैंकों से लोन ले रखा था। लड़की के रिश्तेदारों का कहना है कि अगर कोई इंसान शादी से पहले ही कर्ज में दबा है तो वह शादी के बाद अपनी पत्नी को वित्तीय सुरक्षा कैसे दे सकता है? इसके बाद परिवार ने शादी न करने का फैसला लिया। सिबिल स्कोर के आधार पर तोड़े गए इस विवाह प्रस्ताव की चर्चा खूब है।

क्या है सिबिल स्कोर?

सिबिल स्कोर से किसी व्यक्ति के वित्तीय हालात की समीक्षा करने में असानी होती है। शख्स पर कितना लोन है। समय पर किस्तों का भुगतान करता है या नहीं, उसका वित्तीय अनुशासन कैसा है… इसका पता लगाया जा सकता है। क्रेडिट स्कोर 300 से 900 के बीच होता है।

अधिकांश बैंक 685 क्रेडिट स्कोर से नीचे लोन नहीं देते हैं। अगर किसी बैंक ने यह जोखिम उठाया तो वह शख्स पर भारी भरकम ब्याज भी लगाएगा। क्रेडिट स्कोर को ट्रांसयूनियन सिबिल लिमिटेड (CIBIL) नाम की कंपनी तय करती है। अगर किसी शख्स का क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो उसे लोन मिलने में बेहद असानी होगी। यह स्कोर 750 से अधिक होने पर अच्छा माना जाता है।

Back to top button