कम उम्र में ही चढ़ गया है चश्मा, तो आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए शामिल करें ये फूड्स

स्मार्टफोन और कंप्यूटर की स्क्रीन पर दिनभर देखने की वजह से आंखों पर काफी जोर पड़ता है। इसके कारण आंखों की रोशनी कम होने का खतरा बढ़ जाता है। ये समस्या सिर्फ वयस्कों या बुजुर्गों में ही नहीं, बल्कि बच्चों में भी देखने को मिलती है। इसकी वजह से सही तरीके से देख सकने के लिए चश्मे का सहारा लेना पड़ता है। आंखों की रोशनी कमजोर होने के पीछे और भी कई कारण हो सकते हैं, जिनमें डाइट भी शामिल है। अगर डाइट (Foods For Good Eye Sight) में जरूरी पोषण तत्व शामिल न किए जाएं, तो आंखें धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं।

इसलिए जरूरी है कि आंखों को स्वस्थ रखने (Eye Care Tips) के लिए हम स्क्रीन टाइम कम करने के साथ-साथ अपनी डाइट का भी ध्यान रखें। आंखों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विटामिन-ए और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर डाइट का सेवन करना चाहिए।तो आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ फलों और सब्जियों के बारे में (Diet To Improve Vision) जो आपकी आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।

आंखों को हेल्दी रखने के लिए क्या खाएं?

गाजर- इसमें बीटा-कैरोटीन और विटामिन-ए होता है, जो आंखों की रेटिना को मजबूत करता है और आंखों की रोशनी सुधारने में मदद करता है। इसलिए कोशिश करें कि सलाद आदि के जरिए डाइट में गाजर को शामिल करें।

पालक- ल्यूटिन और जेक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर, पालक आंखों के सेल्स को नुकसान से बचाकर रोशनी को बनाए रखने में मदद करता है। पालक शरीर के अन्य अंगों के लिए भी काफी फायदेमंद है। इसलिए इसे रोज खाएं।

शकरकंद- यह बीटा-कैरोटीन का अच्छा स्रोत है, जो आंखों को एजिंग से जुड़ी समस्याओं से बचाता है और उन्हें हेल्दी रखता है। इसलिए डाइट में शकरकंद को जरूर शामिल करना चाहिए।

टमाटर- इसमें लाइकोपीन और विटामिन-सी होता है, जो आंखों की सेहत को बनाए रखने और दृष्टि सुधारने में मददागर होता है।

शिमला मिर्च- यह विटामिन-ए और सी से भरपूर होती है, जो आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करते हैं और आंखों की थकान को कम करते हैं।

केला- पोटेशियम और विटामिन-ए से भरपूर केला, आंखों को हाइड्रेटेड रखता है और दृष्टि को बेहतर बनाता है। इसके कारण आई स्ट्रेन और ड्राई आई की समस्या कम होती है।

ब्लूबेरी- इसमें एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो आंखों के सेल्स को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाते हैं और दृष्टि में सुधार करते हैं।

अमरूद- विटामिन-ए और सी से भरपूर अमरूद आंखों की रोशनी बनाए रखने में मदद करता है।

ब्रॉकली- इसमें ल्यूटिन और जेक्सैंथिन पाए जाते हैं , जो आंखों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं और मोतियाबिंद को रोकने में मदद करता हैं।

संतरा- विटामिन-सी से भरपूर, संतरा आंखों की नसों को स्वस्थ रखता है और आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखता है।

इसके अलावा, रोजाना आंखों की एक्सरसाइज करना, अपने स्क्रीन टाइम को कम करना, पर्याप्त नींद लेना, धूप में धूप का चश्मा पहनना और काम के दौरान हर 20 मिनट में आंखों को आराम देना जैसे उपायों को अपनाने से भी आंखों को हेल्दी रखने में मदद मिलती है।

Back to top button