पद्म विभूषण रतन टाटा के स्‍वर्गवास से शोक की लहर

 देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह टाटा संस के मानद चेयरमैन पद्म विभूषण रतन टाटा का गुरुवार को 86 वर्ष की उम्र में स्‍वर्गवास हो गया। उन्हें बीते सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी में अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था।

बता दें कि इससे पहले सोमवार को भी रतन टाटा की तबीयत बिगड़ने की खबर आई थी। हालांकि, खुद उन्होंने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए कहा था कि मैं ठीक हूं। बहरहाल, रतन टाटा के निधन से देशभर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महिंद्रा समूह के आनंद महिंद्रा और बिहार के नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत कई हस्तियों ने शोक जताया है।

प्रधानमंत्री मोदी बोले- टाटा ने लोगों को अपना मुरीद बनाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “श्री रतन टाटा जी एक दूरदर्शी बिजनेस लीडर, एक दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। उन्होंने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही, उनका योगदान बोर्डरूम से कहीं आगे तक गया। उन्होंने अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के कारण कई लोगों को अपना मुरीद बना लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रतन टाटा के साथ अपनी इस तस्वीर को एक्स पर साझा किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी एक पोस्ट में लिखा कि मेरा मन रतन टाटा जी के साथ अनगिनत संवादों से भरा हुआ है। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तो मैं उनसे अक्सर मिलता था। हमने विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। मुझे उनका दृष्टिकोण बहुत समृद्ध लगा। जब मैं दिल्ली आया तो ये बातचीत जारी रही। उनके निधन से बेहद दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।

रतन टाटा के साथ अपनी इस पुरानी तस्वीर को भी पीएम मोदी ने एक्स पर शेयर किया है।

रतन टाटा के निधन से दुखी हूं : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स हैंडल पर ट्वीट किया, रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। वे भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज थे, जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता था। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

किंवदंतियां कभी नहीं मरतीं: आनंद महिंद्रा

महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया, “मैं रतन टाटा की अनुपस्थिति को स्वीकार नहीं कर पा रहा हूं। भारत की अर्थव्यवस्था ऐतिहासिक छलांग लगाने के कगार पर है और रतन के जीवन और कार्य का हमारे इस स्थिति में होने में बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए, इस समय उनका मार्गदर्शन और अमूल्य होता। उनके जाने के बाद, हम बस यही कर सकते हैं कि उनके उदाहरण का अनुकरण करने के लिए प्रतिबद्ध हों। क्योंकि वह एक ऐसे व्यवसायी थे जिनके लिए वित्तीय संपत्ति और सफलता सबसे उपयोगी तब थी जब इसे वैश्विक समुदाय की सेवा में लगाया जाता था। अलविदा और भगवान की कृपा हो। आपको भुलाया नहीं जाएगा। क्योंकि किंवदंतियां कभी नहीं मरतीं… ओम शांति।

गौतम अडानी ने भी जताया दुख

अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने एक दिग्गज, एक दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है, जिसने आधुनिक भारत के मार्ग को फिर से परिभाषित किया। रतन टाटा केवल एक व्यापारिक नेता नहीं थे- उन्होंने भारत की भावना को ईमानदारी, करुणा और व्यापक भलाई के लिए एक अटूट प्रतिबद्धता के साथ मूर्त रूप दिया। उनके जैसे दिग्गज कभी नहीं मिटते। ओम शांति।

तेजस्वी ने रतन टाटा को बताया विजनरी लीडर

मानवीय मूल्यों व परोपकार में गहरी आस्था रखने वाले बड़े उद्योगपति, विजनरी लीडर, ईमानदारी, नैतिकता, दयालुता और सद्भावना की मिसाल श्री रतन टाटा जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ।

वो ऐसे उद्योगपति थे जो हमेशा औरों के लिए जिए। उन्होंने अनुकरणीय जीवन जिया। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

दूरदर्शी और दयालु मार्गदर्शक खो दिया : नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट किया, देश के गौरवशाली सपूत रतन टाटा जी के निधन की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। तीन दशकों से अधिक समय तक मुझे उनके साथ एक गहरा व्यक्तिगत और करीबी पारिवारिक संबंध रखने का सौभाग्य मिला, जहां मैंने उनकी विनम्रता, सादगी और सभी के प्रति वास्तविक सम्मान देखा, चाहे उनकी स्थिति कुछ भी हो। उनके जीवन में ईमानदारी और करुणा के मूल्य समाहित थे, जो कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे।

भारत के अग्रणी उद्योगपति के रूप में, अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में उनके उल्लेखनीय योगदान ने अनगिनत लोगों के जीवन को बदल दिया। अपने व्यावसायिक कौशल से परे, वह एक समर्पित देशभक्त और सामाजिक रूप से जागरूक नेता थे, जिन्होंने समाज को गहराई से प्रभावित किया। मैंने उनसे जो सीखा, वह हमेशा मेरे जीवन में गूंजता रहेगा। उनका जाना हमारे देश के लिए बहुत बड़ा दुख है, क्योंकि हमने एक दूरदर्शी और दयालु मार्गदर्शक खो दिया है। ओम शांति।

रतन टाटा ने अमिट छाप छोड़ी : राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi Reaction) ने ट्वीट किया, “रतन टाटा एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उन्होंने व्यापार और परोपकार दोनों पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार और टाटा समुदाय के प्रति मेरी संवेदनाएं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन भारतीय उद्योगों के अग्रणी नेता और जनहितैषी परोपकारी व्यक्ति थे। उनका निधन भारतीय व्यापार जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति होगी। उनके सभी परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

शरद पवार ने दी श्रद्धांजलि

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट किया, दुनिया भर में अपनी शानदार उपलब्धियों से देश का नाम ऊंचा करने वाले, टाटा समूह के चेयरमैन, उद्योगपति रतन टाटा ने दुनिया को अलविदा कह दिया। देश पर आने वाले हर प्राकृतिक या मानवीय संकट से उबरने के लिए हमेशा मदद का हाथ बढ़ाने वाले रतन टाटा के स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा। सामाजिक चेतना के माध्यम से अपनी सफलता का मार्ग प्रशस्त करने वाले व्यक्तित्व रतन टाटा को भावभीनी श्रद्धांजलि।

Back to top button