साउथ अफ्रीका के केप प्रांत में ताबड़तोड़ फायरिंग

 दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी केप प्रांत के एक गांव के दो घरों में जमकर गोलीबारी हुई, गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि  लुसिकिसिकी गांव में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया गया और उनपर जमकर गोलीबारी की। गोलीबारी में कुल मिलाकर 15 महिलाएं और दो पुरुष मारे गए।

दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा ने कहा, ‘एक घर में 13 लोग मारे गए, जिनमें 12 महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे। दूसरे घर में भी चार लोग मारे गए।’ हमलों का मकसद पता नहीं चला है लेकिन पुलिस ने कहा कि उन्होंने निशानेबाजों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आगे बताया, उन्होंने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। 

‘दक्षिण अफ्रीका में होती सबसे ज्यादा हत्याएं’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर दुनिया में सबसे अधिक है, जहां हर साल 60 मिलियन से अधिक की आबादी में से लगभग 20,000 हत्याएं दर्ज की जाती हैं।

वहीं इससे पहले अमेरिका से भी गोलाबारी की कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में अमेरिका के अक्रोन (ओहियो) में रात भर हुई सामूहिक गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 26 लोग घायल हो गए।

27 साल के एक व्यक्ति की मौत

रिपोर्ट में कहा गया है कि केली एवेन्यू और 8वें एवेन्यू के पास आधी रात के बाद हुई गोलीबारी में 27 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कम से कम 26 अन्य घायल हो गए हैं। इसके बाद पीड़ितों को क्षेत्रीय अस्पतालों में ले जाया गया।

Back to top button