पेरेंट्स और बच्चे के बीच दूरियां बढ़ा देती हैं ये 8 बातें! आप भी हो जाएं सावधान

मां-बाप और बच्चों का रिश्ता (Parent Child Relationship) कई बार एक ऐसे मोड़ पर आ खड़ा होता है, जहां से सब धुंधला ही नजर आता है। कई बार पेरेंट्स ही जाने-अनजाने में कुछ गलतियां कर रहे होते हैं, तो वहीं कई मामलों में इसके पीछे और भी कुछ कारण जिम्मेदार होते हैं। जरूरी है वक्त रहते इन बढ़ती दूरियों को कम करना, जिसके लिए सबसे पहले आपको इसके पीछे की वजहें भी मालूम होनी चाहिए। खुशमिजाज और हंसी मजाक करने वाला बच्चा जब मां-बाप से दूरी बनाने लगता है, तो इसके पीछे ये 8 वजहें हो सकती हैं।

इसलिए मां-बाप से दूरी बनाने लगते हैं बच्चे

दोस्तों का असर: बच्चों की दोस्ती उन पर काफी गहरी छाप छोड़ती है। अगर बच्चे के दोस्तों का व्यवहार या विचार उससे अलग है तो वह अपने माता-पिता से अलग महसूस कर सकता है। इस कंडीशन में वह अपने दोस्तों के बहकावे में आकर अपने माता-पिता से दूरी बना सकता है।

स्कूल का प्रेशर: बच्चों के मानसिक तनाव के पीछे स्कूल का दबाव एक बड़ी वजह होता है। जब बच्चा स्कूल में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता या किसी कारण से तनाव महसूस करता है तो वह अपने घर में भी उसी तनाव को लेकर आता है। ऐसे में, वह माता-पिता से बात करने में हिचकिचाता है या उनसे दूरी बनाना शुरू कर देता है।

बदलता स्वभाव: जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होता है उसका स्वभाव भी बदलता जाता है। इस बदलाव को समझना माता-पिता के लिए अक्सर मुश्किल होता है। जब बच्चा अपने मां-बाप के साथ बातचीत करने में अन्कम्फर्टबल महसूस करता है तो वह दूरी बना सकता है।

माता-पिता का बरताव: माता-पिता का व्यवहार भी बच्चों के बरताव पर काफी असर डालता है। अगर माता-पिता बच्चे के साथ हमेशा सख्ती से पेश आते हैं या उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश नहीं करते हैं तो बच्चा बातचीत को कम कर सकता है।

तकनीक का प्रभाव: बच्चों का ज्यादा समय मोबाइल फोन, कंप्यूटर या अन्य गैजेट्स के साथ बीतता है, तो भी उनके व्यवहार में फर्क आ सकता है। तकनीक के साथ ज्यादा वक्त बिताने से फैमिली टाइम कम हो जाता है और मां-बाप के साथ दूरियों बढ़ने लगती हैं। यह बात बच्चों के साथ-साथ माता-पिता पर भी लागू होती है।

पर्सनल प्रॉब्लम्स: कभी-कभी बच्चों को पर्सनल लाइफ से जुड़ी कुछ समस्याएं भी हो सकती हैं जो वह अपने माता-पिता से शेयर नहीं करना चाहते हैं। इन समस्याओं के कारण भी बच्चा अपने माता-पिता से दूरी बना सकता है।

अगर बिजी रहते हैं पेरेंट्स: माता-पिता की व्यस्तता भी बच्चों के व्यवहार को प्रभावित करती है। अगर माता-पिता अपने बच्चों के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताते, तो भी बच्चा उनसे दूरी महसूस कर सकता है।

मेंटल इशूज: कुछ मामलों में बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं जो उनके व्यवहार में बदलाव ला सकती हैं। अगर बच्चा अपने माता-पिता से दूरी बना रहा है और उसके व्यवहार में अन्य असामान्यताएं भी दिख रही हैं, तो मुमकिन है कि उसे कोई मानसिक स्वास्थ्य समस्या हो।

इन कारणों के अलावा भी कई अन्य कारण हो सकते हैं जिनसे बच्चा अपने माता-पिता से दूरी बना सकता है। अगर आपका बच्चा भी आप से दूरी बना रहा है तो आपको उसके साथ खुले दिल से बात करनी करनी चाहिए और यह समझने की कोशिश करनी चाहिए कि वह क्या महसूस कर रहा है। अगर आपको लगता है कि बच्चे को कोई मानसिक स्वास्थ्य समस्या है तो मनोवैज्ञानिक की मदद लेने में भी कोई बुराई नहीं है।

Back to top button