सावन महीने में कब मनाई जाएगी भानु सप्तमी? नोट करें शुभ मुहूर्त एवं योग…

सनातन धर्म में भानु सप्तमी पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व हर महीने कृष्ण और शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन सूर्य देव की पूजा एवं उपासना की जाती है। धार्मिक मत है कि भानु सप्तमी पर सूर्य देव की उपासना करने से न केवल कुंडली में सूर्य ग्रह मजबूत होता है, बल्कि आरोग्य जीवन का वरदान प्राप्त होता है। अगर आप भी सूर्य देव की कृपा के भागी बनना चाहते हैं, तो भानु सप्तमी पर सूर्य देव की विधि विधान से पूजा-उपासना करें। आइए, शुभ मुहूर्त एवं योग जानते है-
भानु सप्तमी शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, सावन माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि 11 अगस्त को सुबह 05 बजकर 44 मिनट से शुरू होगी और अगले दिन यानी 12 अगस्त को सुबह 07 बजकर 55 मिनट पर समाप्त होगी। सनातन धर्म में उदया तिथि से गणना की जाती है। अत: 11 अगस्त को भानु सप्तमी मनाई जाएगी।
महत्व
ज्योतिषियों की मानें तो सूर्य देव की उपासना करने से कुंडली में सूर्य मजबूत होता है। कुंडली में सूर्य मजबूत होने से करियर और कारोबार में मन मुताबिक सफलता मिलती है। साथ ही आय, आयु, सुख और सौभाग्य में वृद्धि होती है। धर्म शास्त्रों में निहित है कि भानु सप्तमी पर सूर्य देव का प्रादुर्भाव हुआ है। अत: इस तिथि पर सूर्य देव की विशेष पूजा की जाती है।
शुभ योग
ज्योतिषियों की मानें तो भानु सप्तमी पर कई मंगलकारी शुभ योग बन रहे हैं। इस दिन दोपहर 03 बजकर 49 मिनट तक शुभ योग का निर्माण हो रहा है। इसके बाद शुक्ल योग का संयोग है। इस दिन स्वाति नक्षत्र का निर्माण हो रहा है। वहीं, गर और वणिज करण का भी संयोग हैं।





