दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण अक्तूबर 2025 तक हो जाएगा पूरा

भारत के सबसे लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण अक्तूबर, 2025 तक पूरा हो जाएगा। बुधवार को संसद को इस बारे में जानकारी दी गई।

राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मंत्रालय ने 1,386 किलोमीटर की लंबाई वाले 53 पैकेजों में स्पर्स सहित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण शुरू कर दिया है।

गडकरी ने कहा, “जून 2024 तक, कुल 26 पैकेज पूरे हो चुके हैं।”

उनके अनुसार, कार्य की भौतिक प्रगति 82 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और कुल 1,136 किलोमीटर लंबाई का निर्माण किया जा चुका है। 

उन्होंने कहा, “संशोधित निर्धारित पूर्णता तारीख (कंप्लीशन डेट) अक्तूबर, 2025 है।” 

यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के प्रमुख आर्थिक केंद्रों को कनेक्टिविटी प्रदान करता है। 

विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुसार, इसके प्रभाव में दिल्ली से मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) की दूरी में लगभग 180 किलोमीटर की कमी और जुड़े हुए गंतव्यों तक यात्रा के समय में 50 प्रतिशत तक की कमी शामिल है। 

एक अलग सवाल का जवाब देते हुए गडकरी ने कहा कि 30 जून, 2024 तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 983 यूजर फीस प्लाजा काम कर रहे हैं।

Back to top button