कानपुर से लखनऊ-प्रयागराज के लिए चल सकती हैं फास्ट मेमू

उत्तर मध्य रेलवे दैनिक यात्रियों के लिए फास्ट मेमू चलाने जा रहा है। इसकी शुरुआत कानपुर से अलीगढ़ के बीच एक अगस्त से हो रही है। यह ट्रेन इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला, हाथरस जैसे बड़े स्टेशनों पर दो मिनट के लिए रुकेगी, जबकि छोटे स्टेशनों पर एक मिनट का स्टॉपेज होगा। जल्द ही प्रयागराज, झांसी, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट के लिए भी फास्ट मेमू चल सकती हैं। प्रयागराज मंडल, कानपुर के अधिकारियों की नार्थ रीजन के अफसरों से बातचीत चल रही है।

पुरानी मेमू के साथ ही रेलवे ने थ्री फेज मेमू का संचालन शुरू कर दिया है। इनका इंजन तुरंत रफ्तार पकड़ लेता है। यह ट्रेन 100 से 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती है, जबकि अभी चल रही मेमू की स्पीड 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटे रहती है। कोरोना काल से पूर्व हर एक से डेढ़ घंटे के बीच मेमू चलती थी, जबकि अब दो जोड़ी सुबह और दो जोड़ी शाम को ही चल रही हैं। दोपहर में इंटरसिटी एक्सप्रेस चलती है। दैनिक यात्रियों और एमएसटी संघ की ओर से कई बार मेमू की संख्या बढ़ाने की मांग हो चुकी है।

इस समस्या को देखते हुए नई फास्ट मेमू को लेकर एनसीआर और एनआर रेलवे के अधिकारियों की बातचीत चल रही है। फास्ट मेमू के चलने से लखनऊ और कानपुर की आवाजाही करने वाले यात्रियों को फायदा होगा। इसी तरह झांसी, चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज के लिए जाने वाले लोग गंतव्य तक जल्दी पहुंच सकेंगे। झांसी, चित्रकूट और बांदा के लिए फास्ट मेमू गोविंदपुरी स्टेशन से चलाई जा सकती है। एसीएम रेलवे संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर लखनऊ के बीच पूर्व की तरह मेमू संचालित करने को लेकर पत्र लिखा गया है। अब फास्ट मेमू पर भी बातचीत हुई है।

फास्ट मेमू तुरंत पकड़ती स्पीड
इलेक्ट्रिक लोकोशेड के सीनियर डीईई राहुल त्रिपाठी ने बताया कि मेमू में डीसी मोटर लगी रहती है, जिसमें कार्बन ब्रश लगे होते हैं। कई बार ब्रश गर्म होने पर मोटर को नुकसान होता है। नई थ्री फेज मेमू या फास्ट मेमू इंडक्शन मोटर पर आधारित रहती है। यह स्पीड बढ़ाने पर खराब नहीं होती है। फास्ट मेमू तुरंत गति पकड़ सकती है।

दैनिक यात्रियों को सहूलियत देने के लिए फास्ट मेमू का संचालन किया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे कई रूट पर इन्हें जल्द ही संचालित करेगा। अगर किसी स्टेशन से मांग आती है तो इस पर विचार किया जाएगा।  -हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, उत्तर मध्य रेलवे

Back to top button