अमेरिका में पंजाबी युवक पर अंधाधुंध चलाई गोलियां

अमेरिका के मिसिसिपी शहर में कल दोपहर अज्ञात कार सवारों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से एक दुकान के बाहर काम कर रहे बेगोवाल के एक युवक समेत 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक कपूरथला जिले का बताया जा रहा है, जिसकी पहचान जसवीर सिंह पुत्र वस्सन सिंह निवासी बेगोवाल के रूप में हुई है।
मृतक के पिता वस्सन सिंह निवासी बेगोवाल ने बताया कि उनका बेटा जसवीर सिंह (33) कुछ समय पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए 40 लाख रुपये का कर्ज लेकर विदेश चला गया था, जिसकी शादी हो चुकी थी और उसके 2 बच्चे भी हैं। उसका भाई भी अपने परिवार के साथ अमेरिका में रह रहा है।
उन्होंने कहा कि जसवीर सिंह उस दुकान के बाहर खड़ा था जहां वह काम करता था, तभी कार में सवार 2-3 अज्ञात लोगों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी दौरान सिर में गोली लगने से जसवीर सिंह की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के अलावा एक और शख्स की मौत हुई बताई जा रही है, जबकि 3 घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।





