सूरसागर में सांप्रदायिक हिंसा, दंगाइयों ने पथराव कर फूंक दी दुकान

राजस्थान के जोधपुर एक बार फिर से सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। शुक्रवार को दो पक्षों में हुआ झगड़ा बढ़ते-बढ़ते सांप्रदायिक तनाव का रूप ले गया। देर रात यहां सूरसागर इलाके में पथराव और आगजनी की घटना हो गई। पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की गाड़ियां मौके पर तैनात कर दी गई हैं।
घटना की जानकारी देते हुए जोधपुर पश्चिम के एडीसीपी निशांत भारद्वाज ने बताया कि कुछ दिन पहले सूरसागर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक नाबालिग के साथ उसी के मोहल्ले में रहने वाले कुछ नाबालिगों ने मारपीट की थी। इसमें नाबालिग के सिर पर चाबी से हमला कर उसे घायल कर दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित पक्ष की तरफ से आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से मामला बिगड़ गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी सूरसागर में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति कई बार बन चुकी है। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में भी यहां ईद के मौके पर जमकर हिंसा हुई थी।





