पंजाब पहुंचे अमित शाह बोले- पीओके हमारा था; है और रहेगा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लुधियाना में विरोधियों के साथ-साथ पाकिस्तान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने पाकिस्तान को ललकारते हुए कहा कि पीओके हमारा था, हमारा है और हमारा ही रहेगा। हम इसे इसे लेकर रहेंगे और कोई भी ताकत हमें ऐसा करने से रोक नहीं पाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो केजरीवाल ने पंजाब को भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया है। वह अदालती केस लड़ने के लिए कानूनी फीस का भुगतान करने के लिए भी पंजाब पर निर्भर हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि केजरीवाल मान क्रेडिट कार्ड एटीएम में डालते हैं और पैसे दिल्ली ले जाते हैं।
शाह ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हमें डरा रहे हैं कि पाकिस्तान के पास एटमी हथियार हैं, लेकिन हम एटम बम से नहीं डरते। शाह ने साफ किया कि पांच चरण के चुनाव में उनके गणित के अनुसार मोदी सरकार की 310 सीट आ रही हैं, अब छठा चरण भी पूरा हो गया है।
एक जून को अंतिम चरण के बाद मोदी सरकार का चार सौ पार का नारा सही साबित होगा। शाह रविवार शाम को बहादुरके की दाना मंडी में भाजपा उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू के हक में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू सिख को बांटने की बात की है और पंजाब को बांटने का प्रयास किया है। आजादी के वक्त पंजाब का बंटवारा हुआ, इसके बाद आतंकवाद के कारण पंजाब परेशान रहा। हिंदू सिखों के बीच खटास पैदा करने का प्रयास किया। यदि आजादी के वक्त भाजपा होती तो करतारपुर साहिब भारत में होता।
सीएम मान पर किया कटाक्ष
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि हालात ऐसे हैं कि अगर केजरीवाल को गुजरात, पश्चिम बंगाल या चेन्नई जाना होता है तो मान पायलट बनकर उनके साथ जाते हैं। ”मुझे समझ नहीं आ रहा, क्या मान केजरीवाल के पायलट हैं या पंजाब के सीएम हैं?” शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा, कि मान ने एक अच्छी बात यह की कि जब केजरीवाल जेल गए, तो वह उनके साथ नहीं गए। खैर आप सुप्रीमो 1 जून तक जमानत पर बाहर हैं। इसके बाद 2 जून को जेल जाएंगे और भाजपा 4 जून को फिर से देश में सरकार बनाएगी।
मोदी सरकार बनने के बाद पंजाब की मान सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल पाएगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद पंजाब की मान सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल पाएगी। पंजाब की पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और केजरीवाल के ईशारे पर पंजाब में काम हो रहा है।
राहुल गांधी पर किया कटाक्ष
राहुल गांधी पर अमित शाह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि चार जून को भाजपा की सरकार बन रही है। चार सौ पार सीटें आने वाली है और छह जून को कांग्रेस के राहुल बाबा वेकेशन पर विदेश घूमने के लिए जाएंगे। दूसरी ओर प्रधानमंत्री होने के बाद बिना छुट्टी लिए सरहद पर दिवाली पर जवानों के साथ मिठाई खाने वाला नरेंद्र मोदी हैं।
शाह बोले बिट्टू को जीता कर संसद भेजें, बड़ा आदमी मैं बनाऊंगा
अमित शाह ने जनता से वोट की अपील करते हुए कहा कि बिट्टू को जीता कर संसद भेजें, बड़ा आदमी मैं बनाऊंगा।





