हॉस्पिटल में सफाई करता था लड़का, देखते ही प्यार कर बैठी MBBS डॉक्टर

कहा जाता है कि जब किसी को किसी से प्यार होता है, तो ऊंच-नीच, अमीरी-गरीबी की दीवारें टूट जाती हैं. समाज के लोग कितना ही विरोध कर लें, प्रेमी जोड़े को मिलने से रोक नहीं पाते हैं. ऐसे ही एक पाकिस्तानी कपल की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. आपको जानकर हैरत होगी कि पाकिस्तान की एक डॉक्टर जिस हॉस्पिटल में काम करती थी, उसी अस्पताल में सफाईकर्मी से उसे प्यार हो गया. ऐसे में दोनों ने शादी कर ली. ये अनोखी लवस्टोरी तेजी से वायरल हो रही है. डॉक्टर का नाम किश्वर साहिबा है, जबकि उसे पति का नाम शहजाद है.
वीडियो के मुताबिक, पाकिस्तान की महिला डॉक्टर किश्वर ने बताया कि शहजाद बड़ी सादगी और लगन से अपना काम करते थे, जिसने मुझे मंत्रमुग्ध कर दिया. ऐसे में मैंने तुरंत शहजाद को प्रपोज कर दिया. शुरुआत में, शहजाद मेरे प्रपोज करने से हैरान हो गए और बचने का प्रयास किया. हालांकि, बाद में उन्हें किश्वर के प्यार पर यकीन हो गया, तो दोनों ने शादी कर ली. शादी के बाद हॉस्पिटल के अन्य लोग शहजाद के काम का मजाक उड़ाते थे. ऐसे में जोड़े ने अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया. शहजाद ने अब एक दवा की दुकान खोली है, वहीं किश्वर स्वंतत्र रुप से अपनी डॉक्टरी कर रही हैं. लेकिन दंपति अब एक साथ अपना क्लिनिक स्थापित करने की योजना बना रहे हैं.
किश्वर और शहजाद की ये लव स्टोरी भले ही अब वायरल हो रही है, लेकिन ये वाकया 2022 का है, जब दोनों की लवस्टोरी पहली बार दुनिया के सामने आई. इसी साल दोनों ने शादी की थी और पूरी दुनिया के नजर में आ गए थे. इस जोड़े की अनोखी लवस्टोरी को “मेरा पाकिस्तान” यूट्यूब चैनल ने दिखलाया था, जिसके बाद ये वायरल हो गए. यूट्यूबर हरीश भट्टी से बात करते हुए पाकिस्तानी शहर दीपालपुर में रहने वाले इस जोड़े ने खुलासा किया कि कैसे वे कुछ चुनौतियों का सामना करने के बावजूद मिले और एक-दूसरे से प्यार करने लगे.
इस यूट्यूब चैनल से बातचीत में तब डॉक्टर किश्वर ने खुलासा किया था कि उन्होंने शहजाद को प्रपोज इसलिए किया, क्योंकि वह उसके साथ शादी कर खुशहाल जिंदगी जीना चाहती थीं. उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी के सारे फैसले एक ही दिन में ले लिए. वहीं, शहजाद ने कहा कि आमतौर पर लोग अपनी बराबरी में शादी करते हैं, लेकिन किश्वर ने उन्हें अपना दिल दिया. मैं भाग्यशाली हूं. शहजाद ने कहा कि वह तीन डॉक्टरों के कार्यालयों में कमरे की सफाई और चाय परोसने का काम करता था. एक दिन किश्वर ने उनसे उनका फोन नंबर मांगा, जिसके बाद वे एक-दूसरे से बात करने लगे.





