सोनीपत: डेढ़ साल के बच्चे को संदिग्ध अवस्था में लगी गोली

सोनीपत में संदिग्ध अवस्था में बच्चे को गोली लगी है। मामले में मासूम की मां व दादा ने पुलिस के सामने कोई बयान देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मासूम के पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोनीपत के गांव लाठ में डेढ़ साल के मासूम को संदिग्ध अवस्था में गोली लगने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच करने पहुंची तो गोली चलने का आरोप मासूम के पिता पर लगा है। हालांकि खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती मासूम की मां व दादा ने पुलिस के सामने कोई बयान देने से इंकार कर दिया। जिस पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने जांच अधिकारी के बयान पर मासूम के पिता के खिलाफ हत्या की कोशिश व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गोहाना सदर थाना में नियुक्त एएसआई नीरज ने पुलिस को बताया कि 12 अप्रैल की रात को जानकारी मिली थी कि गांव लाठ में डेढ़ साल के बच्चे अयांश पुत्र अजय को गोली लगी है। उसे बीपीएस खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर वह टीम के साथ अस्पताल में पहुंचे। वहां पर बच्चे के साथ उनकी मां हिमांशी और दादा जोरा सिंह मिले। उन्होंने बताया कि अयांश का जन्म 27 अगस्त 2022 को हुआ था। बच्चे की उम्र 1 साल 7 महीने 18 दिन है।
पुलिस ने मामले को लेकर बच्चे की मां व दादा से पूछताछ की तो उन्होंने कोई भी बयान देने से मना कर दिया। उन्होंने मौखिक या लिखित कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस का कहना है बच्चे के परिजन जानबूझकर मामले को छिपा रहे थे। जिस पर पुलिस टीम गांव लाठ में बच्चे के घर पर पहुंची। वहां पर एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पड़े खून के नमूने लिए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि डेढ़ साल के बच्चे को घर पर ही गोली लगी है। साथ ही पता लगा कि गोली उसके पिता अजय ने ही चलाई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या की कोशिश व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।





