हम सिर्फ राम को ही नहीं लाए, बल्कि सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का राम नाम सत्य कर देते हैं: सीएम योगी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार सिर्फ राम को ही नहीं लायी है बल्कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों का राम नाम सत्य भी कर देती है।

बागपत और अलीगढ़ जिलों में पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखते हुए वोट की अपील की। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर भी जमकर जुबानी हमला बोलते हुये कहा कि डबल इंजन की सरकार में सुरक्षित यूपी का सपना पूरी तरह से साकार हो चुका है। योगी ने कहा “ हम सिर्फ राम को ही नहीं लाए हैं बल्कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों का राम नाम सत्य भी कर देते हैं।”

योगी ने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव नहीं इनमें इतिहास छुपा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज की तरह पहले बरसाना और वृंदावन की होली नहीं होती थी। इसे हमने आज वर्ल्ड क्लास के रूप में बनाया है। दुनिया आज यहां पर आती है। इस बार होली के दिन बरसाना में 10 लाख लोग आए थे। वहीं 2017 से पहले 20 से 25 हजार लोग ही आते थे।

Back to top button