चीन की रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रैंड ने किया सबसे बड़ा घोटाला

नई दिल्ली: चीन में अब तक का सबसे बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड सामने आया है। देश के रेगुलेटर्स ने दिवालिया हो चुकी रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रैंड और उसके फाउंडर पर रेवेन्यू को 78 अरब डॉलर बढ़ाकर दिखाने का आरोप लगाया है। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला माना जा रहा है। एवरग्रैंड दुनिया में सबसे ज्यादा कर्ज में डूबी कंपनी है। इस पर 300 अरब डॉलर से ज्यादा कर्ज है। 2021 में कंपनी ने कर्ज के भुगतान में डिफॉल्ट किया था जिसके बाद चीन में रियल एस्टेट का संकट खड़ा हो गया। चीन की इकॉनमी में रियल एस्टेट की हिस्सेदारी करीब 30 फीसदी है। इससे पूरी इकॉनमी के डूबने का खतरा पैदा हो गया है।

चीन के सिक्योरिटीज रेगुलेटरी कमीशन ने एवरग्रैंड ग्रुप की प्रमुख कंपनी हेंगदा रियल एस्टेट पर 58 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है। एवरग्रैंड ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन Xu Jiayin पर 65 लाख डॉलर की पेनल्टी लगाई गई है। उन पर कंपनी के फाइनेंशियल स्टेटस को बढ़ाचढ़ाकर दिखाने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। कभी चीन के सबसे बड़े रईस रहे Xu Jiayin को हमेशा के लिए सिक्योरिटीज मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। आयोग ने करीब आठ महीने तक चली जांच के बाद एवरग्रैंड की करतूतों को उजागर किया है। जनवरी में हॉन्ग कॉन्ग के एक कोर्ट ने एवरग्रैंड को बेचने का ऑर्डर दिया था।

78 अरब डॉलर का घोटाला

कंपनी पर अपनी फाइनेंशियल रिपोर्ट्स में सेल्स को बढ़ाचढ़ाकर दिखाने का आरोप है। इस आधार पर कंपनी ने अपने बॉन्ड बेचे थे। रेगुलेटर के मुताबिक हेंगदा ने 2019 में 30 अरब डॉलर की सेल दिखाई थी जो उसके रेवेन्यू का करीब आधी थी। इसी तरह कंपनी ने 2020 में 48.6 अरब डॉलर की सेल दिखाई थी जो उसके रेवेन्यू का 78 परसेंट थी। लेकिन जांच में पता चला कि कंपनी ने आंकड़ों को बढ़ाचढ़ाकर पेश किया था। इस तरह 2019 में कंपनी का प्रॉफिट 63 फीसदी और 2020 में 87 फीसदी बढ़ाकर दिखाया गया था। इस तरह कंपनी ने दो साल में 78 अरब डॉलर की धोखाधड़ी की जो चीन के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है।
 

Back to top button