उत्तर प्रदेश में सहयोगी दलों को लोकसभा की 6 सीटें दे सकती है भाजपा

लखनऊ: लोकसभा चुनाव-2024 में प्रदेश की सभी 80 सीटों में से भाजपा सहयोगी दलों के लिए छह सीट छोड़ सकती है। इसमें राष्ट्रीय लोकदल को दो सीटें मिल सकती हैं, जबकि अपना दल (एस) भी दो सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, निषाद पार्टी को संत कबीर नगर सीट और ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा को घोसी सीट मिल सकती है। दिल्ली में हुई भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद सूत्रों से यह जानकारी मिली है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बीच एक दो दिन में भाजपा के 100 लोस प्रत्याशियों की सूची भी सामने आ सकती है।

यूपी से कुछ केंद्रीय मंत्रियों का भी कट सकता टिकट
सूत्रों की मानें तो यूपी से कुछ केंद्रीय मंत्रियों का भी टिकट कट सकता है। भाजपा इस बार दो या दो से अधिक बार चुनाव जीत चुके नेताओं पर भी दांव लगाने के मूड में नहीं है। जिन सांसदों की उम्र अधिक हो गई है, उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि इस बार एक बार फिर भाजपा प्रदेश की 74 लोकसभा सीटों में से कोई भी मुस्लिम उम्मीदवार खड़ा नहीं करेगी। वहीं, कैसरगंज लोकसभा सीट पर भी बृजभूषण शरण सिंह के नाम पर पार्टी निर्णय नहीं ले पाई है।

राज्यपाल से मिले योगी, मंत्रिमंडल विस्तार संभव
लखनऊः लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना प्रबल हैं। दिल्ली से लखनऊ लौटते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करने पहुंचे। योगी ने राज्यपाल को ‘रोम रोम में राम’ नामक पुस्तक भी भेंट की। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, सपा से वापस भाजपा में लौटे एमएलसी दारा सिंह चौहान और रालोद नेता राजपाल बालियान को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा रालोद कोटे से एक और विधायक प्रदीप चौधरी को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। साथ ही रामपुर के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को भी राज्य मंत्री बनाकर आजम खान को हराने का इनाम दिया जा सकता है।

Back to top button