आगरा में 17 फरवरी से हो रहा है ताज महोत्सव का आगाज

दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल प्यार की नायाब निशानी है, जो भारत के आगरा शहर में स्थित है या यों कहें कि आगरा शहर की पहचान ही ताजमहल है। इस खूबसूरत इमारत का देखने के लिए दुनियाभर से पर्यटकों की भीड़ जुटती है। जल्द ही यहां शुरू होने जा रहा है ताज महोत्सव। जिसकी जोरो-शोरों से तैयारियां शुरू हो चुकी है। हर साल फरवरी में इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस बार क्या खास देखने को मिलेगा इस महोत्सव में, आइए जान लेते हैं।

कब से कब तक है ताज महोत्सव?
इस साल 17 फरवरी से ताज महोत्सव शुरू हो गया है। ताज महोत्सव पूरे 10 दिनों तक चलने वाला वार्षिक कार्यक्रम है, जिसका समापन 27 फरवरी को होगा।

खास होगा इस बार का ताज महोत्सव
इस बार का ताज महोत्सव में कई सारी नई चीज़ें देखने को मिलेंगी। ताज महोत्सव में इस बार यमुना महाआरती को जोड़ा गया है। यमुना नदी के घाटों पर ताज महोत्सव के दौरान महाआरती की जाएगी। इसके साथ पतंग महोत्सव और गजल के कार्यक्रम भी पर्यटकों के लिए आयोजित किए जाएंगे। इस बार पर्यटक ताज महोत्सव में आकर हॉट एयर बैलून के भी मजे ले सकेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की देखने को मिलेगी झलक
ताज महोत्सव में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखना एक अलग ही तरह का आनंद होता है। हर शाम यहां जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं।

ताज महोत्सव में आकर भारतीय संगीत एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं को देखने का मौका मिलेगा। कथक ,भरतनाट्यम ,शास्त्रीय एवं उप शास्त्रीय गायन, भोजपुरी गायन, अवधि गायन, कव्वाली, भजन संध्या, ब्रज लोकगीत एवं लोक नृत्य, बांसुरी वादन, सरोद वादन, सितार वादन, तबला वादन, पखावज वादन एवं रूद्रवीणा आदि का यहां आकर लुत्फ ले सकते हैं।

ताज महोत्सव में जाने-माने बॉलीवुड कलाकारों की भी परफॉर्मेंस होगी। जिसमें गजल गायक, कव्वाली, सिंगर, स्टैंडअप कॉमेडी सहित अन्य आयोजन शामिल रहेंगे।
इसके अलावा हस्तशिल्प कला की प्रदर्शनी, दुकानें, लजीज खाने के लिए फूड जोन आदि का लुत्फ यहां उठा सकते हैं।

ताज महोत्सव का एंट्री टिकट
ताज महोत्सव का एंट्री टिकट 50 रुपए का है। विदेश पर्यटकों और पांच साल से कम आयु के बच्चे के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है।

Back to top button