‘भारत को मॉस्को से दूर करने के लिए प्रतिबंधों की धमकी दे रहा अमेरिका’ : रूसी राजदूत

रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने अमेरिका और भारत के संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि उनका देश नई दिल्ली का विश्वसनीय मित्र है, लेकिन अमेरिका प्रतिबंधों की धमकी देकर हमारे संबंधों को खराब करने की कोशिश कर रहा है।

‘मजबूत दोस्त की तरह रूस ने दिया भारत का साथ’
उन्होंने कहा कि भारत में रूस को एक विश्वसनीय, ईमानदार और समय की कसौटी पर खरे उतरने वाले दोस्त के रूप में मजबूत प्रतिष्ठा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इस तरह की छवि को शुरू में भारतीय सामाजिक-आर्थिक विकास में यूएसएसआर के प्रमुख योगदान के कारण आकार दिया गया था और यह काफी हद तक आज भी कायम है।

नई दिल्ली को मॉस्को से अलग करना चाहता है अमेरिका
रूसी दूत ने कहा कि यहां आने वाले अमेरिकी अधिकारी सीधे यह कहने में संकोच नहीं करते कि वे नई दिल्ली को मॉस्को से अलग करना चाहते हैं। वे प्रतिबंधों की धमकी दे रहे हैं। कुछ भारतीय साझेदारों को सावधानी बरतने के लिए मजबूर किया जाता है, लेकिन कई ऐसे लोग भी हैं जिनके लिए ऐसा नजरिया अस्वीकार्य है।

UNSC में भारत को स्थायी सदस्य के रूप में किया जाए शामिल
इसके अलावा अलीपोव ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में भारत को शामिल करने की मांग की। रूसी राजदूत ने कहा कि हमारा मानना है कि सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में भारत संतुलन को बढ़ावा देने के साथ ही दक्षिणी देशों के हितों पर केंद्रित एजेंडे को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

Back to top button