हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घायलों का जाना हाल

उत्तराखंड के हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार शाम को हल्द्वानी पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी पहुंच कर अधिकारियों से बातचीत की और हालात का जायजा भी लिया। साथ ही विभिन्न अस्पतालों में जाकर घायल पुलिस कर्मियों, मीडियाकर्मियों और लोगों से मिले और उनका हालचाल जाना। उनसे घटना को लेकर विस्तृत बातचीत भी की। इस दौरान उनके साथ केबिनेट मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्य और कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत भी रहे।

वहीं पुष्कर सिंह धामी ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा। दोषियों के खिलाफ पर्याप्त सुबूत हैं। वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एक-एक दोषी को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से भी पूरी जानकारी ली और सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। इससे पहले मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार भी हल्द्वानी का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया और देहरादून जाकर मुख्यमंत्री को रिपोर्ट देने की बात कही है।

गौरतलब है कि गुरुवार को हल्द्वानी के वनभूलपुरा में कथित रूप से मलिक के बगीचे में अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल हो गया। एक समुदाय विशेष के लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर हमला कर दिया। पत्थरबाजी के साथ ही पेट्रोल बम चलाए गए। वाहनों में आग लगा दी और स्थानीय थाना को घेरकर अधिकारियों को जलाने का प्रयास किया। इस पूरे घटनाक्रम के दो लोगों की मौत के साथ ही कई पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए।

Back to top button