इस हाई प्रोटीन पराठे को ब्रेकफास्ट में करें शामिल

सुबह के नाश्ते में गरमा-गरम पराठे के लिए हर किसी का मन ललचा जाता है। जब पराठे टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी हों, तो इन्हें खाने में दो बार नहीं सोचना पड़ता। सर्दियों के मौसम में कई सारी सब्जियां आती हैं, इनकी स्टफिंग बनाकर आप तरह-तरह के टेस्टी पराठों का लुत्फ उठा सकते हैं। ब्रेकफास्ट में प्रोटीन जरूर शामिल किया जाना चाहिए। आज हम आपको प्रोटीन युक्त टेस्टी और आसान पराठे की रेसिपी बताने जा रहे हैं। आलू का पराठा किसे पसंद नहीं है। ऐसे में इसे प्रोटीन रिच बनाकर इसका सेवन किया जाए, तो यह हेल्दी साबित हो सकता है।

हाई प्रोटीन आलू पराठा रेसिपी

सामग्री
100 ग्राम आटा
100 ग्राम आलू
100 ग्राम पनीर
20 ग्राम प्याज
स्वादानुसार हरी मिर्च
धनिया पत्ती
हल्दी पाउडर आधा चम्मच
स्वादानुसार नमक
आवश्यकतानुसार तेल या घी

इस तरह बनाएं
एक बर्तन में गेहूं का आटा, उबले आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटे प्याज, बारीक कटी धनिया, कद्दूकस किया गया पनीर, नमक, हल्दी मिक्स कर लें। अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर इसे गूंथ लें।
आटा गूंथने के बाद इसे 10 मिनट के लिए अच्छे से सेट होने के लिए रख दें।
इसके बाद इसकी लोइयां बनाकर पराठे की तरह बेल लें।
अब तवे पर इसे दोनों तरफ से अच्छी तरह सेक लें। अब घी या रिफाइंड ऑयल लगाकर पराठा सेक लें।
अब इस पराठे को आप अचार, हरी चटनी या दही के साथ परोसें।

आलू पराठे में कैलोरी- 135, प्रोटीन- 5.4 ग्राम, कार्ब- 16 ग्राम, फैट- 5.3 ग्राम, फाइबर- 2-5 ग्राम होता है। आप इस विधि से पराठा ट्राई करके देखें, बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा। सर्दियों के मौसम में हरी प्याज और हरी लहसुन मिलते हैं, इसे भी आप पराठे में शामिल कर सकते हैं। हरे लहसुन के पत्ते भी इस पराठे में काफी टेस्टी लगते हैं।

Back to top button