खूबसूरती में कम नहीं लक्षद्वीप और मालदीव

भारत अपनी खूबसूरती के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यहां कई ऐसी जगह हैं, तो किसी भी मायने में विदेशों से कम नहीं है। यहां कई खूबसूरत द्वीप और समुद्र तट मौजूद हैं, जिन्हें देखने दूर-दूर लोग आते हैं। हाल ही में भारत का ऐसा ही एक खूबसूरत द्वीप लगातार चर्चा में बना हुआ है। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप में अपने दौरे के दौरान स्नोर्कलिंग करते नजर आए थे। उनके इस दौरे बाद से ही लगातार लक्षद्वीप सुर्खियों में बना हुआ है।

वहीं, उनके इस दौरे को लेकर मालदीव के कई उच्च पदस्थ अधिकारियों और वरिष्ठ मंत्रियों द्वारा पीएम मोदी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों के बाद से ही सोशल मीडिया पर मालदीव में छुट्टियों के बहिष्कार की मांग बढ़ती जा रही है। इस विवाद के कारण बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों ने मालदीव के लिए अपनी छुट्टियां रद्द कर दी है। वहीं, इस हंगामे के बीच अब मालदीव और लक्षद्वीप के बीच तुलना होनी भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में आज इस स्टोरी में हम जानने की कोशिश करेंगे कि बजट से लेकर घूमने की जगह तक, मालदीव और लक्षद्वीप कैसे एक-दूसरे से अलग हैं।

लक्षद्वीप बनाम मालदीव
विशाल और खूबसूरत समुद्र तट के किनारे स्थित लक्षद्वीप और मालदीव दोनों की बेहद लोगों को रोमांचक वॉटर स्पोर्ट्स और प्रकृति की सुंदरता में डूबने का मौका देते हैं। लक्षद्वीप में कुल 36 द्वीप हैं, जबकि मालदीव में निजी समुद्र तटों तक पहुंच के साथ कुल 300 द्वीप हैं। आइए जानते हैं दोनों की द्वीप में घूमने लायक स्थानों के बारे में-

लक्षद्वीप में घूमने की जगहें
लक्षद्वीप द्वीप तक पहुंचने के लिए कोच्चि से आने वाले जहाजों और फ्लाइट्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। घूमने के लिहाज से कोच्चि लक्षद्वीप का प्रवेश द्वार है। बात करें यहां घूमने की जगहों के बारे में, तो यहां मिनिकॉय द्वीप अपने समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। इतना ही नहीं यहां मौजूद कई खूबसूरत लैगून इस द्वीप के आकर्षण को और भी बढ़ाते हैं। इसके अलावा आप इस द्वीपसमूह की राजधानी कावारत्ती की खूबसूरती को भी निहार सकते हैं। आप यहां स्कूबा डाइविंग और एक्वेरियम टूर जैसी एक्टिविटी का मजा उठा सकते हैं। साथ ही आप यहां मौजूद कदमथ द्वीप पर स्नॉर्कलिंग भी कर सकते हैं।

मालदीव में घूमने की जगहें
मालदीव की राजधानी माले, ऊंचे मैदानों के ऊपर स्थित है, जो जीवंत इमारतों और एक सुंदर इस्लामी मस्जिद से सुसज्जित है। आप यहां की खूबसूरती का लुत्फ उठाने के साथ ही ढेर सारे वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज भी कर सकते हैं। माफुशी, काफू एटोल में स्थित, मालदीप की एक और मशहूर जगह है। यह अपने खूबसूरत समुद्र तटों के लिए जाना जाता है, जहां आप स्नोर्केलिंग, समुद्र तट पर टहलने और धूप सेंकने का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा यहां मौजूद हिताधू अड्डू शहर में आप अडू नेचर पार्क का दीदार कर सकते हैं।

घूमने का सबसे अच्छा समय
मालदीव का सामान्य तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से लेकर 31 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि लक्षद्वीप द्वीप समूह का कुल तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और 30 डिग्री सेल्सियस है। ऐसे में मालदीव की यात्रा के लिए सबसे अच्छा समय नवंबर और अप्रैल के बीच होता है और यहां दिसंबर और मार्च के बीच सीजन पीक पर रहता है। वहीं, बात करें लक्षद्वीप की, तो आप यहां अक्टूबर से लेकर मध्य मई के बीच कभी भी यात्रा के लिए जा सकते हैं।

वीजा से जुड़ी जानकारी
अगर आप लक्षद्वीप द्वीपों की यात्रा करना चाहते हैं, तो भारत का हिस्सा होने की वजह से यहां जाने के लिए किसी वीजा की जरूरत नहीं होती। हालांकि, यहां जाने के लिए एंट्री परमिट लेना पड़ता है। इसके अलावा विदेशों से आने वाले लोगों को यहां के लिए वीजा हासिल करना पड़ता है। भारत के लिए बनाए गए वीजा की वैधता प्रवास अवधि के आधार पर 15 दिनों से 6 महीने तक होती है।

वहीं, अगर आप मालदीव जाने की योजना बना रहे हैं, तो भारतीय पासपोर्ट धारकों को मालदीव की यात्रा के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती है। मालदीव पहुंचने पर ही 30 दिनों के लिए निःशुल्क वीजा जारी कर दिया जाता है।

कितना बजट जरूरी
मालदीव की करेंसी के मुताबिक 1 मालदीवियन रूफिया (एमवीआर) भारत के 4.63 रुपये के बराबर होता है। इस हिसाब से मालदीव के लिए, प्रति व्यक्ति एक राउंड-ट्रिप फ्लाइट की औसत कीमत 30,000 रुपये है। जबकि यहां रहने के लिए होटल के किराए 7000 रुपये से शुरू होते हैं। वहीं, खानपान के लिए 1000 रुपये, पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए प्रति दिन 4500 रुपये और अन्य खर्च 5000 रुपये हो सकता है।

वहीं, बात करें लक्षद्वीप की, तो यहां प्रति व्यक्ति एक राउंड ट्रिप फ्लाइट की औसत कीमत 13,000 रुपये होती है। जबकि यहां रहने के लिए किराया 2000 रुपये से शुरू होगा, हर दिन खाने-पीने के लिए 300 रुपये और घूमने वाली जगहों के लिए 2000 रुपये खर्च करने होंगे। इसके अलावा यहां अन्य चीजों का खर्च 3000 रुपये हो सकते हैं।

Back to top button