आज खत्म हो रही कांग्रेस की ‘यूपी जोड़ो यात्रा’

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस द्वारा शुरू की गई ‘यूपी जोड़ो यात्रा’ का आज अंतिम दिन है। इसकी शुरुआत 20 दिसंबर से सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के साथ शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने यूपी के लोगों से संपर्क किया और लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए उनका समर्थन मांगा और आज यह यात्रा 16वें दिन राजधानी लखनऊ में खत्म हो जाएगी।
बता दें कि यह यात्रा 12 जनवरी को लखनऊ में खत्म होनी थी। लेकिन अभी यह आज यानी शनिवार को ही खत्म हो रही है। यात्रा रकाबगंज लखनऊ से शुरू होकर रानीगंज, नाका चौराहा होते हुए गुरुद्वारा, बांसमंडी चौराहा, अंबेडकर तिराहा, चारबाग, के .के.सी, के आगे छीतवापुर, महाराणा प्रताप चौराहा, बर्लिंगटन चौराहा, शुभम टॉकीज चौराहा, कैसरबाग चौराहा होते हुए परिवर्तन चौक के रास्ते से शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन कर खत्म हो जाएगी।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जनता से संवाद किया। उनसे उनकी समस्याएं सुनीं। बीते दिन कांग्रेस नेताओं ने बारिश के बीच भी इस यात्रा को चालू रखा और ‘हम भी जोड़ें, तुम भी जोड़ो, यूपी जोड़ो यूपी जोड़ो’ के नारे लगाकर यात्रा की। आज अंतिम पड़ाव पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे इस यात्रा में शामिल रहेगें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और नेता विधानमंडल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना, राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पी.एल पुनिया और सभी वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, AICC मेंबर, PCC मेंबर, कांग्रेस पदाधिकारी एवं नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ में दिखाई देंगे। यात्रा के समापन के बाद लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई जाएगी।





