अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले को लेकर पुलिस अधीक्षक शिमला ने किया रामपुर का दौरा

शिमला जिला के रामपुर में 11 से 14 नवम्बर तक आयोजित किए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव गांधी ने रामपुर का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और अनैतिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए भी होमवर्क शुरू किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि मेले के दौरान मुख्य तौर पर ट्रैफिक सिस्टम को कैसे सुचारू रखना है, इस पर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा 24 घंटे मोबाइल पैट्रोलिंग व्हीकल सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
एसपी ने बताया कि मेले के दौरान वाहन कहां पार्क होंगे और कहां वनवे ट्रैफिक किया जाना है, इसको लेकर प्लान तैयार किया जा चुका है। नशा व जुआ इत्यादि गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने के लिए भी तैयारी कर दी गई है। जहां-जहां भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनको मेले से पूर्व ठीक किया जा रहा है और जहां अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता है वहां पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे जहां अनैतिक गतिविधियों को रोकने में सहायता मिलती है तो वहीं फुटेज एक प्रमाण के तौर भी काम आते हैं।





