IPL Live बेंगलुरू के खिलाफ कोलकाता की नजरें प्लेऑफ पर, क्या हार का सिलसिला तोड़ेंगे विराट कोहली?

बेंगलुरू: लगातार दो हार की हताशा के बीच कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में आज बेंगलुरू में जब अंतिम पायदान पर चल रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से भिड़ेगी तो उसका इरादा दोबारा लय हासिल करना और नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने के करीब पहुंचना होगा.
पिछले दो मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के हाथों शिकस्त झेलने वाली केकेआर की टीम को प्ले ऑफ में जगह सुनिश्चित करने के लिए अपने अंतिम तीन मैचों में से दो जीतने होंगे. दो बार की चैंपियन केकेआर की टीम 11 मैचों में 14 अंक हैं.
पुणे की टीम के 14 जबकि हैदराबाद के 13 अंक हैं. दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मुकाबले में केकेआर ने 82 रन से जीत दर्ज की थी और आरसीबी की टीम सिर्फ 49 रन पर ढेर हो गई थी जो आईपीएल इतिहास का न्यूनतम स्कोर है और गौतम गंभीर की टीम इस प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी. केकेआर की टीम सुनील नरेन से पारी की शुरुआत कराने का जुआ खेल रही है. जब नरेन लय में होते हैं तो टीम की राह आसान होती है क्योंकि गंभीर और रोबिन उथप्पा अधिकांश समय अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में सफल रहे हैं. लेकिन इन तीनों के विफल रहने पर यूसुफ पठान को अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी. मनीष पांडे अच्छी फार्म में हैं लेकिन शेल्डन जैकसन अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और ऐसे में झारखंड के इशांक जग्गी को मौका मिल सकता है. दूसरी तरफ इस साल आरसीबी ने सबसे अधिक निराश किया है. टीम चार बार आल आउट हो चुकी है और 12 मैचों में उसके सिर्फ पांच अंक हैं.





