चम्पावत विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए कांग्रेस का खास प्लान, सीएम धामी को…

चम्पावत विधानसभा उपचुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने दिग्गज नेताओं की पहाड़ से लेकर मैदान तक की भूमिका तय कर ली है। हर मोर्चे पर उपचुनाव में मुख्यमंत्री को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से उपचुनाव की कमान खुद प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने संभाली है।
वो लगातार चम्पावत विधानसभा के पहाड़ से लेकर मैदान तक बिखरे कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह के चम्पावत में आने के बाद कांग्रेसियों में नया जोश आया है। प्रीतम ने बनबसा में हुई बैठक में कहा कि कांग्रेस जनता के बीच महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रचार करने की अपील की। कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी इतिहास रचेंगी। इसके अलावा उपनेता प्रतिपक्ष और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, जसपुर विधायक आदेश चौहान ने भी उपचुनाव का मोर्चा संभाला है।
खटीमा विस से सटा होने के कारण बनबसा की पूरी जिम्मेदारी विधायक कापड़ी को सौंपी गई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य कल टनकपुर आकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।





