हरिद्वार: शोभा यात्रा में हुआ बवाल, पुलिस ने छह लोगों को लिया हिरासत में…

हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव में हनुमान जयंती की शोभा यात्रा में हुए बवाल का मामला शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे तक चला। पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शोभा यात्रा को पूरा कराया गया।
इसी दौरान शरारती तत्वों ने जलालपुर गांव के फरकपुर जाने वाले रास्ते पर एक दुकान का शटर तोड़ दिया। दुकान के सामान और काउंटर को बाहर फेंक दिया और सामान में आग लगा दी। इसके अलावा एक छप्पर में भी आग लगाई गई। पुलिस जब तक वहां पहुंचती, शरारती तत्व फरार हो चुके थे। गांव में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है
छह लोग हिरासत में, 11 नामजद व 30 – 40 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने ग्रामीण की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। छह लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
भगवानपुर थाना अध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पवन कुमार व चंद्रवीर निवासी ग्राम डाडा जलालपुर की तहरीर के आधार पर धारा 147, 148,149, 323, 336, 153a, 295a के अंतर्गत खुर्शीद, शहनवाज, हुसैन, पैगाम, निवाजिश, हनीफ के बेटे अज्ञात, रियाज, अकरम के बेटे अज्ञात, रहीस, इसरार, मुस्तकीम दूधिया, सुक्कड़ सभी निवासी ग्राम डाडा जलालपुर व 30 – 40 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
साथ ही उन्होंने बताया कि छह लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति है। देर रात जिला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस अधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं साथ ही गांव के हालातों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
वहीं देर रात शोभा यात्रा संपन्न होने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। आरोपितों पर रासुका लगाने की मांग की गई है। वहीं यूपी की तर्ज पर बवालियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई है।
बजरंग दल ने दी चेतावनी, शाम तक नहीं हुई गिरफ्तारी तो थाने पर धरना
दादा जलालपुर में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी की घटना के बाद से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि बवालियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह थाने पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इतना ही नहीं जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक धरना देंगे।
डीएम और एसएसपी ने जल्द सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पथराव और बवाल के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शिवप्रसाद त्यागी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांव में पहुंचे जो रविवार तड़के तीन बजे तक गांव में ही डटे रहे।
गांव में पहुंचे जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्टर योगेंद्र सिंह रावत से हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शोभा यात्रा पर हमला एक सुनियोजित योजना का हिस्सा है।





