यूपी: अप्रैल में और ज्यादा गर्मी बढ़ने के असार, मौसम विभाग ने कहा…

उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में अधिकतम तापमान बेहद तेजी से बढ़ा है. सूर्य की तपिश के साथ ही अब दिन में लू भी चलने लगी है. यूपी के मौसम विभाग (IMD) ने आशंका जताई है कि पश्चिमी यूपी के जिलों में तेजी से तपन बढ़ेगी. अभी तक इस इलाके के ज्यादातर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया जा रहा था, लेकिन, अगले दो-तीन दिनों में इसके 40 डिग्री के पार कर जाने की आशंका जाहिर की गयी है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पूर्वी यूपी में वैसी तपन अभी नहीं होगी जैसी पश्चिमी यूपी में देखने को मिल सकती है. फिलहाल इस हफ्ते तक बूंदाबांदी की भी संभावना नहीं है. ऐसे में अप्रैल का पहला हफ्ता यूपी में तेज गर्मी वाला ही होगा.
तापमान की बात करें तो पश्चिमी यूपी के मुरादाबाद में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, मेरठ में 38.6 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरनगर में 36.8 डिग्री सेल्सियस और नजीबाबाद में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि बुंदेलखंड के कुछ जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस भी दर्ज किया गया. आगरा, झांसी, प्रयागराज और कानपुर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या इसके ऊपर ही दर्ज किया गया. मार्च के महीने में ही तापमान के कई शहरों में 42 डिग्री सेल्सियस पार कर जाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल जो अनुमान जारी किया है उसके मुताबिक पूर्वी यूपी के जिलों को पश्चिमी यूपी के जिलों के मुकाबले थोड़ी राहत मिलती रहेगी.





