महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में स्थित गढ़चिरौली के जंगल में देखा गया हाथियों का एक बड़ा झुंड, किसान भयभीत

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में स्थित गढ़चिरौली के जंगल में हाथियों का एक बड़ा झुंड देखा गया है। यह झुंड देखे जाने के बाद महाराष्ट्र वन विभाग के अधिकारी व जैव विज्ञानी इस झुंड पर नजर रख रहे हैं।सामान्यतया महाराष्ट्र के किसी वन क्षेत्र में हाथी नहीं पाए जाते, लेकिन इसके पड़ोसी राज्यों में हाथी पाए जाते हैं। इन्हीं राज्यों से कभी-कभी कुछ हाथी महाराष्ट्र में प्रवेश कर जाते हैं। क्योंकि गढ़चिरौली छत्तीसगढ़ के नजदीक है, इसलिए वहां से ओडिशा या आंध्र प्रदेश की ओर जाते हुए हाथियों के झुंड कभी-कभार गढ़चिरौली से गुजरते हैं। महाराष्ट्र के मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सुनील लिमये के अनुसार, इन दिनों गढ़चिरौली के जंगल में 18 से 20 हाथियों का एक बड़ा झुंड देखा जा रहा है। इसमें तीन हाथी के बच्चे भी हैं। उनके अनुसार, इस इलाके में पहली बार हाथियों का इतना बड़ा झुंड देखा गया है।

हाथियों के झुंड से किसानों में भय

गौरतलब है कि हाथियों का इतना बड़ा झुंड क्षेत्र के किसानों में भी डर पैदा कर रहा है। गढ़चिरौली के वन अधिकारी अशोक मांकड़ के अनुसार, झुंड के ही एक हाथी ने एक 35 वर्षीय किसान अशोक माडवी पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। फिलहाल, माडवी खतरे से बाहर है। यह झुंड पिछले चार-पांच दिनों से इस क्षेत्र में देखा जा रहा है, लेकिन अभी यह अनुमान नहीं लगाया जा सका है कि ये हाथी गढ़चिरौली के घने जंगलों को अपना स्थायी ठिकाना बनाना चाहते हैं या यहां के जंगलों को पार कर किसी अन्य राज्य की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। इधर, झारखंड और ओडिशा में पिछले दिनों हाथियों के हमले में कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। हाथी किसानों की फसलों को भी यहां नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही, किसानों पर हमला कर हाथी उन्हें लहूलुहान भी कर रहे हैं। इसके चलते लोगों में दहशत है। वहीं, वन विभाग हाथियों को पकड़ने की कोशिश में जुटा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button