कमलनाथ के इस बयान पर भड़के शिवराज, बोले- कर रहे गंदी राजनीति…

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता कमलनाथ के ‘मेरा भारत कोविड’ टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस देश का मनोबल तोड़ने वाला बताया है। इसके साथ ही उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मामले में उनकी चुप्पी पर सवाल भी उठाया है।
चौहान ने कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ देश का मनोबल तोड़ने का काम कर रहे हैं। मेरा भारत कोविड जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना और इंडियन कोरोना वाला बयान देना क्या कांग्रेस, कमलनाथ और सोनिया गांधी को शोभा देता है? महासंकट की इस घड़ी में कमलनाथ, आप घटिया राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा, क्या आपके इस बयान से दूसरे देश में रहने वाले भारतीयों का मनोबल कम नहीं होगा? क्या देश के सम्मान पर चोट नहीं पहुंचेगी? क्या यह बयान राष्ट्र द्रोह जैसा नहीं है? सोनिया गांधी से मैं पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसे बयान देने वाले नेता पर कोई कार्रवाई करेंगी।
सीएम ने आगे कहा कि हम राज्य को इस मुश्किल समय से बाहर निकालने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं और आप कोविड-19 मौतों के साथ गंदी राजनीति कर रहे हैं। एक भी मृत्यु दुखद होती है, लेकिन मौत कहां नहीं हुई? राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र या दुनिया के बाकी देशों में नहीं हुई? हम पीड़ित परिवारों की हरसंभव सेवा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आप आग लगा दो जैसे बयान दे रहो हो, जैसे आपको मौका मिल गया हो।
मुख्यमंत्री ने कहा, मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण अब पूरी तरह से नियंत्रित है। लगातार पॉजिटिविटी रेट कम हो रहा है। आज की पॉजिटिविटी रेट 4.36 फीसद है। रिकवरी रेट 91.5 फीसद है। स्थिति लगातार सुधर रही है और मुझे विश्वास है कि मध्यप्रदेश में कोरोना पर जल्द ही पूरी तरह से काबू पा लिया जायेगा।





