राजस्थान में लगा संपूर्ण लॉकडाउन, शादी-विवाह पर भी बैन…

कोरोना के खिलाफ जंग को बेहद कड़ा करते हुए राजस्थान सरकार में आज से संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया है. इस दौरान शादी-विवाह जैसे अहम कार्य भी नहीं हो पाएंगे. सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए पखवाड़े भर का यह ‘संपूर्ण लॉकडाउन’ लगाया है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से अपील की है कि वे इसका जिम्मेदारी से पालन करें. 

गहलोत ने ‘महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन लॉकडाउन’ संबंधी दिशा निर्देश ट्वीट करते हुए लिखा, ‘’लोग पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से लॉकडाउन की पालना करें.’’ राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए राज्य में 10 मई प्रातः 5 बजे से 24 मई प्रातः 5 बजे तक सम्पूर्ण लॉकडाउन लगाया है. 

https://twitter.com/ashokgehlot51/status/1391589156564865024?

इस दौरान कोई विवाह समारोह नहीं होगा और सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे. ग्रामीण इलाकों में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना मनरेगा के कार्य भी इस दौरान स्थगित रहेंगे. इस दौरान सभी प्रकार के धार्मिक स्थल बंद रहेंगे.

अधिकारियों ने बताया कि विवाह से संबंधित किसी भी प्रकार के समारोह, डीजे, बारात एवं निकासी तथा प्रीतिभोज आदि की अनुमति 31 मई तक नहीं होगी. विवाह घर पर ही अथवा कोर्ट मैरिज के रूप में ही करने की अनुमति होगी, जिसमें केवल 11 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी, जिनकी जानकारी संबंधित वेब पोर्टल पर देनी होगी. मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल एवं होटल परिसर शादी-समारोह के लिए बंद रहेंगे.

मेडिकल सेवाओं के अतिरिक्त सभी प्रकार के निजी एवं सरकारी परिवहन के साधन जैसे- बस, जीप आदि पूरी तरह बंद रहेंगे. राज्य में मेडिकल, अन्य इमरजेंसी एवं अनुमत श्रेणियों को छोड़कर एक जिले से दूसरे जिले, एक शहर से दूसरे शहर, शहर से गांव, गांव से शहर और एक गांव से दूसरे गांव में सभी प्रकार के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

उन्होंने बताया कि राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों को 72 घंटे के भीतर करवाई गई आरटीपीसीआर नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. यदि कोई यात्री नेगेटिव जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसे 15 दिन के लिए पृथक-वास में रखा जाएगा.

Back to top button