Mahindra XUV700 को लेकर बाजार गर्म, लांचिंग को लेकर आई ये बड़ी खबर…

देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा की अपकमिंग एसयूवी XUV 700 को लेकर भारतीय कार बाजार में चर्चाएं गर्म हैं। माना जा रहा है कि कंपनी बढ़ते 7-सीटर एसयूवी सेगमेंट में टाटा सफारी, हुंडई अलकेजर और एमजी हेक्टर प्लस के सामनें इस कार को लॉन्च करेगी। फिलहाल इस कार की इंटरनेट पर टेस्टिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें खूब देखी जा रही हैं। जिनमें कार को डुअल-टोन एलॉय व्हील के साथ देखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस कार को टेस्टिंग पर चेन्नई में देखा गया है, दिलचस्प बात यह है कि यह कार टेस्टिंग पर महिंद्रा XUV 500 के साथ थी।
कई खास फीचर्स से होगी लैस: कुछ समय पहले तक इस तरह की खबरें थी कि कंपनी Xuv700 को Xuv500 की जगह रिप्लेस करेगी। लेकिन अब लग रहा है कि कंपनी एक्स्यूवी 500 के साथ इस कार को सेल के लिए उपलब्ध कराएगी। नई कार (Xuv700) कई खास फीचर्स से लैस होगी जिनमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह से डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक, ड्यूल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पुश बटन स्टार्ट व स्टॉप, कीलैस एंट्री जैसे फीचर्स को शामिल किया जाएगा।
इंजन विकल्प: फिलहाल कार के इंजन विकल्प को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि कंपनी इसमें नए 2.2 mHawk लीटर डीजल इंजन का प्रयोग कर सकती है। इसके साथ ही इसमें 2.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन भी शामिल होगा। दोनों इंजनों को 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन या 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उतारा जा सकता है।
नई XUV700 को कंपनी 2WD और 4WD दोनों वैरिएंट में पेश करेगी। और उम्मीद है कि यह मौजूदा Xuv500 से ज्यादा प्रीमियम कार होगी। बताते चलें कि 7-सीटर सेगमेंट का भुनाने के लिए कंपनियां लगाातार नए वाहनों को लॉन्च कर रही हैं। हुंडई जल्द ही अपनी Alcazar के साथ इस सेगमेंट में एंट्री लेगी।





