11 अप्रैल से सरकारी और प्राइवेट कर्मचारियों को कार्यस्थल पर कोरोना का टीका लगाने की तैयारी में सरकार…

कोरोना के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 11 अप्रैल से वर्कप्लेस पर भी टीकाकरण अभियान को लॉन्च किया जा सकता है। 45 वर्ष या उससे अधिक के लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इसके लिए सावर्जनिक और निजी क्षेत्रों के कार्यस्थलों पर कोविड टीकाकरण सत्र आयोजित किया जा सकता है। इसमें लगभग 100 पात्र और इच्छुक लाभार्थियों को टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए सरकार अनुमति दे सकती है। कई उद्योगपतियों ने मांग की थी कि 25 वर्ष से अधिक सभी लोगों को टीका लगाया जाए। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों से यह जानकारी मिली है। केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को प्रभावी तरीके से रोकने के उद्देश्य से 45 साल और इससे अधिक उम्र के अपने सभी कर्मचारियों को कोरोना रोधी टीका लगवाने के लिए कहा है। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों को टीकाकरण के बाद भी कोरोना से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है, जिसमें लगातार हाथ धोना, सेनेटाइजेशन, मास्क या फेस कवर पहनना और शारीरिक दूरी बनाए रखना शामिल हैं।