जम्मू-कश्मीर में भीषण ठण्ड, पारा शून्य से हुआ नीचे, जानें इन इलाकों में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर सहित उत्तर भारत में रविवार को ताजा हिमपात के चलते तापमान में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई। हिमाचल में हिमपात के चलते केलांग पारा शून्य से 10.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने के चलते सबसे सर्द रहा। वहीं जम्मू एवं कश्मीर में पारा शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने पर गुलमर्ग सबसे सर्द रहा। मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में घना कोहरा होने से दृश्यता कम रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी। वहीं, रविवार को शिमला के मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के कल्पा और कुल्लू जिले के मनाली में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 4.6 और शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

डलहौजी और कुफरी में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल के बिलासपुर में सर्वाधिक 22 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जम्मू एवं कश्मीर में गुलमर्ग सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

कुपवाड़ा में भूस्खलन की चेतावनी: पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर में पारा शून्य से नीचे 0.1 डिग्री रहा। स्थानीय मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम 20 दिसंबर तक शुष्क बने रहने की संभावना है। रात्रि तापमान में गिरावट की आशंका है। इस बीच, अधिकारियों ने कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिले के ऊपरी स्थानों पर भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।

पंजाब, हरियाणा में कोहरा: वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोहरा छाया रहा। अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पठानकोट और भिवानी समेत कई स्थानों पर सुबह कोहरे की मोटी चादर रही। अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान सामान्य के करीब रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button