यूपी: एक मासूम ने निगला सांप का बच्चा तो अजगर ने नीलगाय के बच्चे को बनाया अपना भोजन

प्रदेश शनिवार को सांप तथा उसकी प्रजाति से जुड़े दो मामलों के कारण बेहद चर्चा में रहा। बरेली में घर के बाहर खेल रहा मासूम जहां सांप के बच्चे को जिंदा निगल गया तो अमरोहा में अजगर ने नीलगाय के बच्चे को अपना निवाला बना लिया।

बरेली में सांप का बच्चा तो मर गया, लेकिन मासूम को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमरोहा में नीलगाय के बच्चे को निगलने वाले अजगर को लोगों ने मारने के बाद गड्ढा में दफन कर दिया।

सांप को निगल गया बच्चा, मां ने पूंछ देखकर बाहर निकाला

बरेली में फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम भोलापुर में एक मासूम ने सांप के बच्चे को निगल लिया। इसके बाद दम घुटने से सपोले की मौत हो गई। मां ने बच्चे के मुंह से बाहर सपोले की पूंछ को देखकर उसको बाहर निकाला। सपोला करीब पांच-छह इंच का है।

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम भोलापुर में एक बच्चे ने घर के बाहर खेलते समय सपोले को निगल लिया। बच्चे के पिता धर्मपाल ने बताया कि उनका एक वर्ष का बेटा शनिवार को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे के पास अचानक सांप का एक बच्चा आ गया। इसके बाद बच्चे ने उस सांप के बच्चे को मुंह में रख लिया और सांप धीरे-धीरे अंदर जाने लगा। बच्चे के परिवारीजनों ने मासूम को मुंह चलते हुए देखा तो उन्हेंं कुछ संदेह हुआ। इसके बाद नजदीक से जाकर देखा तो मासूम के मुंह में सांप की पूंछ दिखाई दी। बच्चे के मुंह में करीब छह इंच लम्बा सपोला था।

मां ने खींचकर उसको बच्चे के मुंह से बाहर निकाला। उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद आनन- फानन में बच्चे को जिला अस्पताल लाया गया। यहां पर इमरजेंसी वार्ड में बच्चे को भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के परीक्षण में बच्चे को खतरे से बाहर पाया गया। बच्चे के पिता के मुताबिक, उनका बेटा बाहर खेल रहा था। इसी बीच उसने सांप को मुंह में रख लिया। गनीमत रही बच्चे को कुछ हानि नहीं हुई। दो घंटे के इलाज के बाद बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

सपोले को देखने के बाद डॉक्टर भी हैरान थे। बच्चे का इलाज कर रहे ईएमओ हरिश्चन्द्र का कहना है कि छह इंच लंबा सपोला होने के कारण बच्चे की जान को भी खतरा था। यदि बाहर नहीं निकालते तो शायद बच्चे का भी दम घुट सकता था और उसकी जान भी जा सकती थी। बच्चे के पिता धर्मपाल का कहना है कि देवेंद्र के मुंह से निकाले गए सांप की लंबाई लगभग 6 से 7 इंच रही होगी। उसका फन भी निकलना शुरू हो गया था।

अजगर निगल गया नीलगाय का बच्चा

अमरोहा आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मालीपुरा में गन्ने के खेत के बीच एक 12 फिट लंबे अजगर ने नीलगाय के बच्चे को अपना निवाला बना लिया। जिस समय अजगर शिकार कर रहा था उस वक्त एक किसान की बेटियों ने उसे देख लिया और शोर मचाते हुए वहां से भागीं।

इसके बाद जब तक ग्रामीण पहुंचते अजगर नीलगाय के बच्चे को निगल चुका था। ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में अजगर की पूंछ पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने अजगर को तब तक घसीटा जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। इसके बाद अजगर को गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। शनिवार दोपहर बाद किसान देवदत्त खडग़वंशी की बेटी हिमांशी व लक्ष्मी गन्ने के खेत पर काम करने गई थीं। वहां दोनों बहनों ने खेत में अजगर देखा। वह किसी जानवर को खाए हुए था।

अजगर को देख कर हिमांशी बेहोश हो गई तथा लक्ष्मी ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग मौके पर पहुंचे तो हैरान रह गए। अजगर वहां जानवर निगले पड़ा था। इसके बाद ग्रामीण अजगर की पूंछ पकड़कर उसे घसीटते हुए जंगल की तरफ ले जाने लगे, लेकिन अजगर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद उसे गंगा किनारे के जंगल में दबा दिया गया। 

Back to top button