लखनऊ मेट्रो के 03 वर्ष पूरे,कई कर्मचारियों को मिले मेडल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मेट्रो ट्रेन के संचालन के तीन वर्ष आज पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसीएल) ने मेट्रो दिवस मनाकर कई कर्मचारियों को एमडी गोल्ड और सिल्वर मेडल से सम्मानित किया।
राजधानी लखनऊ में मेट्रो सेवा की शुरुआत हुए शनिवार को तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस उपलक्ष्य में आज ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मेट्रो डिपो में मेट्रो दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपीएमआरसीएल के चेयरमैन और केंद्रीय शहरी आवास सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शिरकत की।
उन्होंने लखनऊ मेट्रो के तीन वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि मेट्रो रेल शहर की परिवहन व्यवस्था की तस्वीर बदल रहा है। हाल ही में यूपीएमआरसीएल के कंधों पर दो बड़ी जिम्मेदारियां आई हैं। इसमें कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजना का कार्य लखनऊ की तरह नियत समय पर पूरा करना है। इसके अलावा लखनऊ में मेट्रो ट्रेन के लिए यात्रियों की संख्या में और इजाफा करना है। मुझे पूरा भरोसा है कि यूपीएमआरसीएल दोनों जिम्मेदारियों को भली भांति पूरा करेगा।
यूपीएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में हमारा मनोबल ऊंचा बना हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के साथ 07 सितम्बर से संपूर्ण उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में मेट्रो ट्रेन सेवा का पुनः आरंभ होने जा रहा है। इसमें शारीरिक दूरी हमारा मूल मंत्र रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान लॉकडाउन में असाधारण कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले कर्मचारियों को एमडी गोल्ड और सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। प्रोजेक्ट श्रेणी में सहायक अभियंता सिविल आदर्श कुमार सिंह को एमडी गोल्ड मेडल और सहायक अभियंता आशीष कुमार को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। रोलिंग स्टॉक श्रेणी में वरिष्ठ पर्यवेक्षक परिचालन मनीष कुमार सोनकर को एमडी गोल्ड और सेक्शन इंजीनियर राजू कुमार को एमडी सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया।
कनिष्ठ अभियंता संदीप सिंह को एमडी गोल्ड मेडल और सीनियर सेक्शन इंजीनियर उज्जवल श्रीवास्तव को एमडी सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया है। एमडी गोल्ड मेडल से सम्मानित किए गए कर्मचारियों को 5,000 रुपये और सिल्वर मेडल से सम्मानित किए गए कर्मचारियों को 3,000 रुपये की धनराशि दी गई है। इसके अलावा इस बार सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित स्टेशन का पुरस्कार मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन को दिया गया है। मुंशी पुलिया के स्टाफ टीम को संयुक्त रुप से 10,000 रुपये की पुरस्कार धनराशि दी गई धनराशि दी गई है।
The post लखनऊ मेट्रो के 03 वर्ष पूरे,कई कर्मचारियों को मिले मेडल appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





