मौसम विभाग का ताजा अनुमान अगले 2 दिन तक यूपी में भयंकर बारिश के असार जारी किया हाई अलर्ट…

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक 28 और 29 जून को पूरे प्रदेश में बारिश होगी. इन दो दिनों में पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का भी अनुमान लगाया गया है.

साथ ही यूपी के तमाम इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जाहिर की गयी है. हालांकि शनिवार 27 जून को पूर्वी यूपी के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है. आज शनिवार के दिन पश्चिमी यूपी में पूर्वी यूपी के मुकाबले कम बारिश होगी. छिटपुट जगहों पर बौछारें पड़ने की संभावना है. अभी तक के अनुमान के मुताबिक 30 जून से प्रदेश में मौसम फिर बदलेगा और पिछले 1 हफ्ते से जारी बारिश का सिलसिला थोड़ा थमेगा.
शुक्रवार को इन जिलों में इतनी हुई बारिश
शुक्रवार को मौसम विभाग द्वारा जारी बारिश के आंकड़ों को देखें तो पूर्वी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. हालांकि अच्छी बात यह रही कि बुंदेलखंड के उरई में भी अच्छी बरसात दर्ज की गई. शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश सुल्तानपुर में 31.8 मिलीमीटर हुई. वहीं बनारस में 30, रायबरेली में 19.6, चुर्क में 24, उरई में 15 और कानपुर में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश की वजह से प्रदेश के बाकी इलाकों में तापमान में भी काफी कमी आ गई है. हालांकि झांसी अभी भी तपन का शिकार है. शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान झांसी में 40 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया. बाकी सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री से कम ही रहा.
गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी प्रदेश में लोगों की जान गई. हालांकि यह संख्या बहुत कम थी. राहत विभाग को मिली जानकारी के मुताबिक सोनभद्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की जान चली गई. बता दें कि गुरुवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 24 लोगों की जान चली गई थी. बुधवार को भी 6 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान गवां बैठे थे.





