भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार वीरभद्र से मिले नड्डा…

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने उनके निजी निवास हॉलीलॉज पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच करीब आधा घंटे तक बातचीत हुई। नड्डा सुबह करीब 10:30 बजे हॉली लॉज पहुंचे। इस दौरान वीरभद्र सिंह के बेटे व विधायक विक्रमादित्य सिंह नड्डा को लेने गेट तक गए। बताया जा रहा है कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जेपी नड्डा वीरभद्र सिंह से मिलने हॉलीलॉज पहुंचे।

इस दौरान नड्डा ने वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जाना। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में नड्डा ने कहा कि कुछ समय पहले वीरभद्र सिंह की तयीबत ठीक नहीं थी और वह पीजीआई में भी भर्ती रहे। उस समय वह व्यस्तता के चलते वीरभद्र से नहीं मिल सके थे।  इसी को देखते हुए वह उनका कुशलक्षेम जानने आए थे। नड्डा ने कहा कि वीरभद्र सिंह के साथ उनका  संबंध विधानसभा का 1993 से है। जब वीरभद्र मुख्यमंत्री थे और मैं विपक्ष का नेता था।

वीरभद्र से हमारा व्यक्तिगत संबंध है और प्रदेश की राजनीति में उनका जो स्थान है उसको सबने सराहा है। नड्डा ने कहा कि मुझे खुशी है कि वीरभद्र सिंह स्वस्थ है और सक्रिय है। भगवान उन्हें लंबी उम्र दे।  बता दें जेपी नड्डा के बेटे गिरीश की बीते दिनों ही शादी हुई है। 29 फरवरी को 11 बजे नड्डा निवास गांव विजयपुर जिला बिलासपुर में प्रीति भोज आयोजन किया जा रहा है। मुलाकात के दौरान नड्डा ने नव विवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए वीरभद्र को प्रीति भोज का निमंत्रण भी दिया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button