प्रियंका गांधी अमेठी में आज अपना 48 वां जन्मदिन मनाएंगी, रायबरेली के कार्यकर्ताओं को देंगी ट्रेनिंग

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज रविवार यानि 12 जनवरी को 48 वां जन्मदिन मना रही है। प्रियंका यूपी में पार्टी संगठन को मजबूत करने और उनके व्यापक विस्तार करने में जुटी हैं। 12 जनवरी 1972 में जन्मी प्रियंका गांधी इस बार अपना जन्मदिन अमेठी में मनाएंगी। इस अवसर पर वो वरिष्ठ कांग्रेसियों को सम्मानित भी करेंगी। इसके बाद प्रियंका अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में जिलाध्यक्षों और शहर अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर 16 से लेकर 19 जनवरी तक प्रशिक्षण शिविर चलाने का कार्य करेंगी।
जानकारी के मुताबिक नई टीम को प्रियंका पार्टी के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के साथ दो-दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में एनआरसी, एनपीआर और सीएए जैसे मुद्दों पर विस्तार से पार्टी के रुख की जानकारी देंगी। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि प्रियंका ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रशासन प्रभारी सिद्धार्थ प्रिय को एक पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने रायरबेली के 4 दिवसीय दौरे के दौरान 16 से 19 जनवरी तक कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्षों को दो-दो दिन प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी है।
रायबरेली में प्रियंका के इस दौरे को लेकर यूपी कांग्रेस कमेटी काफी एक्टिव है। अपने 4 दिवसीय दौरे में प्रियंका दो दिन पूर्वी यूपी और दो दिन पश्चिमी यूपी के सभी शहर और जिला अध्यक्षों से मिलेंगी और उन्हें प्रशिक्षित करेंगी। इतना ही नहीं इसके साथ ही वह चारों दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम के लिए निर्धारित सभी विषय को समझाने के लिए एक्सपर्ट को भी बुलाया गया है।





