ऑस्ट्रेलियाई दमकलकर्मियों के लिए अपनी ड्रेस दान करेंगी सेरेना

ऑकलैंड। टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ऑस्ट्रेलिया में जंगल में लगी आग बुझाने में लगे दमकलकर्मियों की मदद के लिए अपनी ड्रेस की नीलामी करेंगी, जिससे मिलने वाली राशि उनकी सहायता के लिए जाएगी। इस महीने होने वाले ऑस्ट्रेलियाई ओपन की तैयारियों के लिए डब्ल्यूटीए ऑकलैंड क्लासिक टूर्नामेंट में खेल रही सेरेना दुनिया के उन खिलाड़ियों की जमात में शामिल हो गयी जो अपनी यादगार चीजों के अलावा नकद राशि दमकलकर्मियों के प्रयासों के लिए दे रहे हैं।
23 बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन ने शुकवार को कहा कि वह इस साल के पहले टूर्नामेंट में पहनी गई, ड्रेस की नीलामी से मिलने वाली राशि दान में देंगी जिस पर उनके हस्ताक्षर भी होंगे।
नाइके ने उनके लिए विशेष रूप से यह ड्रेस बनायी थी और यह उन्होंने आकलैंड में पहले दौर में इटली की कैमिला जार्जी के खिलाफ पहनी थी। वह शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहुंच गई। सेरेना ने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया में मेरे कई मित्र हैं । मैं अपने घर और ऑस्ट्रेलिया में हर दिन लोगों से पूछती रहती हूं कि मैं क्या कर सकती हूं?” उन्होंने कहा कि वहां की जंगलों में आग लगना काफी दुखद है।





