लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र इलाके में बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक गिरफ्तार

गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र इलाके में बदमाशों के साथ पुलिस मुठभेड़ की घटना सामने आई है. पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान बदमाश सागर उर्फ एप्प्ल को गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा. बताया जा रहा है कि सागर पर 25 हजार का इनाम भी रखा गया है.
मुठभेड़ में पहले पुलिस सिपाही इनाम खान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया. घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
वॉन्टेंड लिस्ट में था बदमाश सागर
बदमाश सागर की तलाश पुलिस को काफी अरसे से थी. गिरफ्तार बदमाश पर लूट, चोरी सहित कई आपराधिक वारदातों के दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं. बदमाश का दूसरा साथी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस को है. घटना गुरुवार रात 10 बजे की बताई जा रही है.
क्यों हुआ एनकाउंटर?
पुलिस के मुताबिक, लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बंथला नहर पर बाइक सवार दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, जब बदमाशों ने खुद को घिरता हुआ देखा तो दोबारा फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को डराने के मकसद से गोलियां चलाई.
पुलिस फायरिंग में बदमाश सागर को गोली लगी. बाइक सहित बदमाश मौके पर ही गिर गया, जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब हो गया.
दर्जनों मुकदमे हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश लोनी बॉर्डर इलाके के बेहटा हाजीपुर गांव का रहने वाला है. बदमाश पर गाड़ियों की चोरी के मामले हैं, जिसमें पुलिस को उसकी तलाश भी थी. आरोपी बदमाश के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में रंगदारी, लूट और गाड़ी चोरी के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं.
बदमाश के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा और एक चोरी की बाइक भी बरामद की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बदमाश की धर-पकड़ करने की कोशिश कर रही है.





