आतंकियों द्वारा डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस के निशाना बनाकर किये हमले में 14 लोग हुए घायल…

Grenade attack in Anantnag, जम्मू कश्मीर में आम लोगों द्वारा अपने फरमानों को नकारे जाने से हताश आतंकियों ने शनिवार को अनंतनाग में जिला उपायुक्त कार्यालय पर ग्रेनेड हमला किया। समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार  इस हमले में लगभग 14 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में एक बच्चे समेत तीन सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। हमले के बाद फरार हुए आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान चला रखा है।

जानकारी के अनुसार, यह हमला आज सुबह करीब 11 बजे हुआ। इस दौरान जिला उपायुक्त कार्यालय में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई थी,तभी वहीं कहीं छिपे आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया।  ग्रेनेड जिला उपायुक्त कार्यालय के गेट के पासएक जोरदार धमाके के साथ फट गया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

इस धमाके के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागे। आसपास के इलाके में मौजूद सुरक्षाकर्मी विस्फोट की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उसी समय पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया और वहां पड़े जख्मी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल अधिकारिक तौर पर घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।

तलाशी अभियान चलाया गया

इस बीच, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर के अलावा आस-पास के इलाकों में आतंकियों के छिपे होने की आशंका के आधार पर एक तलाशी अभियान चलाया।

अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद हाई अलर्ट 

बता दें कि कश्मीर हमेशा से आतंकियों के निशाने पर रहा है। आए दिन यहां आतंकी हमले होते रहते है। ऐसे में भारत सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से यहां आतंकी हमले की संभावना और बढ़ गई है। इस फैसले से आतंकियों के आका काफी बौखलाए हुए हैं। ऐसे में यहां सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। खुफिया एजेंसियों से लगातार आतंकी हमले की इनपुट मिल रही है।

Back to top button