जसप्रीत बुमराह को स्ट्रेस फ्रैक्चर पर BCCI ने दी बड़ी जानकारी, इलाज कराने के लिए जाएंगे लंदन

भारतीय टीम के दमदार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ है, जिसका इलाज कराने के लिए वे लंदन जाएंगे। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी  BCCI ने दी है। जसप्रीत बुमराह इस चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 अक्टूबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।

जसप्रीत बुमराह की चोट से बीसीसीआइ भी परेशान है। इसलिए बीसीसीआइ ने जसप्रीत बुमराह का इलाज कराने के लिए उन्हें लंदन भेजने का मन बना लिया है। जसप्रीत बुमराह लंदन(UK) जाकर स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की एक टीम से अपने लोअर बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर का इलाज कराएंगे। भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह को लेकर किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहती।

BCCI के अधिकारी ने दी जानकारी

बीसीसीआई के कार्यकारी अधिकारी ने एजेंसी से बात करते हुए इस बात की पुष्टि की है कि डॉक्टरों से सलाह लेने के लिए जसप्रीत बुमराह एक सप्ताह के लिए इंग्लैंड जाएंगे। बोर्ड के अधिकारी ने कहा है, “हां, वह(जसप्रीत बुमराह) इस महीने के पहले सप्ताह में इंग्लैंड जाएंगे और एनसीए के प्रमुख फिजियोथेरेपिस्ट आशीष कौशिक भी उनके साथ रहेंगे। तीन डॉक्टर उनके चोट की जांच करेंगे और फिर इसके बाद ही आगे के बारे में कोई फैसला लिया जाएगा।”

जल्दबाजी में नहीं हैं विराट और शास्त्री

इससे पहले टीम मैनेजमेंट ने ये भी बताया था कि हम जसप्रीत बुमराह को बांग्लादेश के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज में नहीं देखना चाहते। कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री जसप्रीत बुमराह को जल्दबाजी में मैदान में उतारने के उत्सुक नहीं हैं। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि जसप्रीत बुमराह अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड कप से पहले ठीक हो जाएं और दमदार वापसी करें।

जसप्रीत बुमराह आने वाले छह या सात अक्टूबर को एक सप्ताह के लिए लंदन रवाना हो सकते हैं। जसप्रीत बुमराह का आगे का प्लान क्या होगा? इसका फैसला तीन डॉक्टरों से मिली राय के बाद तय होगा। बता दें कि जसप्रीत बुमराह इस समय भारतीय टीम के बेजोड़ गेंदबाज हैं। बुमराह की मौजूदगी में टीम इंडिया ने कई मैच जीते हैं।

Back to top button